मप्र में विधानसभा चुनावः सागर की सभा में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने सीधे पीएम मोदी पर साधा निशाना


भाजपा इन दिनों एमपी के मन में मोदी अभियान चला रही है और कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी के उन वादों और दावों को गिनवाया जिन्हें कभी पूरा नहीं किया गया।


DeshGaon
राजनीति Published On :

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने बुंदेलखंड के सागर में एक बड़ी सभा की। इस जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे भी पहुंचे। इस सभा में बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई थी जिसके चलते काफी संख्या में लोग यहां पहुंचे। बुंदेलखंड से दलित और आदिवासी समाज से जुड़े कई नेता यहां मौजूद रहे। खड़गे ने यहां से प्रदेश में दलित आदिवासियों के खिलाफ हो रहे अपराधों पर विशेष फोकस किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी को चुनाव के समय ही संत रविदास और बाबासाहेब आंबेडकर याद आते हैं। खड़गे का भाषण पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर हमलावर रहा और इस तरह से उन्होंने एक तरह से मप्र में भाजपा के द्वारा चलाए जा रहे एमपी के मन में मोदी जैसे अभियान को कमज़ोर करने की कोशिश की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर मध्य प्रदेश में चुनी हुई सरकार को खरीद-फरोख्त कर किराने का आरोप भी लगाया उन्होंने कहा कि मोदी जी और शिवराज सिंह चौहान का खाना कांग्रेस को गालियां दिए बिना हजम नहीं होता। भाजपा के सौ करोड़ रुपये से बनाए जा रहे संत रविदास के मंदिर के सामने कांग्रेस ने प्रदेश में संत रविदास विश्वविद्यालय बनाने की भी घोषणा की है।

इस जनसभा के माध्यम से खरगे ने कांग्रेस पार्टी को ताकत दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों यहां का दौरा किया था और यहां संत रविदास का मंदिर बनाने के लिए आधारशिला रखी थी। हालांकि कांग्रेस की ओर से खड़गे का कार्यक्रम इससे पहले से प्रस्तावित था जो बाद में आगे बढ़ा दिया गया। अब मोदी के बरक्स खड़े होकर खड़गे ने उन पर हमला बोला है। अपने भाषण में कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार के द्वारा महंगाई में की गई बेतहाशा बढ़ोत्तरी, मप्र में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाए हैं जिन पर राज्य सरकार बैकफुट पर है। खड़गे ने मणिपुर मुद्दे पर पीएम मोदी की आलोचना की। यहां पढ़िए उनके भाषण के मुख्य अंश।

 महंगाई पर हमलाः  कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘यहां गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई है। टमाटर 2014 में 15 रुपए था। अब 72 रुपए किलो है। सिलेंडर का दाम 166% बढ़ गया। दाल 129% महंगी हो गई। उन्होंने कहा कि शाह जी को बताओ ये रिपोर्ट कार्ड खड़गे ने सागर में दिया है।

पचास पर्सेंट भ्रष्टाचारः  कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में तो 40% है। यहां कितना है? हम तो 40% को हटा दिए। कमलनाथ जी आपको 50% वालों को हटाना है। हम बदला लेने का नहीं सोचते। अच्छा करते हुए आए हैं। बदला लेने की नहीं, बदलाव लाने की जरूरत है। लेकिन, ये हमारे लोगों को सता रहे हैं, जेल भेज रहे। जब नवंबर में हमारी सरकार आएगी, तब उन्हें भी मुश्किल होगा। न हम डराने वाले हैं, न डरने वाले हैं।’

पचास साल का हिसाब पूछ रहेः पिछले दिनों गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी से उनके राज का हिसाब मांगा था। पार्टी की ओर से अध्यक्ष खड़गे ने यह हिसाब पेश किया। उन्होंने कहा कि आजादी के पहले साक्षरता दर 18.3 परसेंट था। 13-14 में 74 परसेंट किया। ये हमने किया। शिशु मृत्युदर भी कम हुई। जन्म और मृत्युदर भी कम हुई। 65 परसेंट महिलाओं को पढ़ाया। ये सब हमने किया है। फिर भी आप कहते हैं हमने क्या किया। मैं फिर आऊंगा और बताऊंगा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर सीधा हमला किया, उन्होंने कहा कि ‘हम आकर तकरीर कर जाने वालों में से नहीं। पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक हमने क्या किया? दुनिया को मालूम है। मोदी ने कहा 18 करोड़ नौकरियां दूंगा। नौकरियां दी क्या? प्रधानमंत्री होकर झूठ बोल रहे हैं।  15- 15 लाख हर एक के जेब में डालने का वादा किया था। मिले क्या? किसानों की आमदनी दोगुनी करने कहा था, नहीं हुई। इन्होंने झूठ बोलकर वोट लिए। इस बार लोग झूठ नहीं सुनेंगे।

हमने कर्ज़ माफ़ कियाः खड़गे यहां  कांग्रेस द्वारा की गई कर्ज़ माफी पर भी बोले, उन्होंने कहा कि  मप्र में 18 साल के मिसरूल के बाद कांग्रेस की सरकार बनी। उसने गरीबों किसानों का साथ दिया। 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। ओबीसी को 27 परसेंट आरक्षण दिया। युवाओं को रोजगार पर जोर लगाया। शाह से पूछना चाहता हूं कि आदिवासी के मुंह पर पेशाब करने वाला किस पार्टी का आदमी है। आप अजा की हिफाजत नहीं करते, उसके मुंह में भाजपा का आदमी पेशाब करता है। उसके पैर धोकर आप उसे पवित्र करना चाहते हैं। इससे आपने उसका अपमान किया। हुकूमत को संभालने के लिए ऐसी हरकत होती रहती है।

 



Related