राज्य सरकार की योजनाओं के विरोध में निवाड़ी जिले की भाजपा नेत्री रोशनी यादव ने छोड़ी पार्टी


लिखा, “कुछ वर्षो से शीर्ष नेतृत्व का कार्यकर्ताओं और आम जनमानस के प्रति निराशा, नीति और नेतृत्व में उदासीनता, महिलाओं के प्रति दिखावटी योजना एवं उनके प्रति बढ़ते अत्याचार को देखकर मैं आहत”


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में कई नेता नाराज़ चल रहे हैं। इसमें एक नया नाम निवाड़ी जिले की नेता रोशनी यादव का है। रोशनी, उप्र के पूर्व सीएम रामनरेश यादव की बहु हैं, यादव मप्र के राज्यपाल और उप्र के मुख्यमंत्री भी रहे हैं। रोशनी यादव को टिकिट मिलने की उम्मीद थी। वे अपने इलाके में खासी सक्रिय रहीं। उन्होंने कुछ दिनों पहले ही  कांग्रेस नेता कमलनाथ से मुलाकात की थी और अब वे कांग्रेस में शामिल होने जा रहीं हैं। वे 24 अगस्त को पार्टी की सदस्यता लेंगी। उन्होंने अपने इस्तीफे में शिवराज सरकार पर कुछ ऐसे आरोप लगाए हैं जो सरकार को कठिन सवालों में खड़ा कर रहे हैं।

अपने इस्तीफे में  रोशनी यादव लिखती हैं कि, ‘बहुत दुखी मन से आहत होकर मैं भाजपा की सदस्यता त्याग रही हूं। मेरे राजनीतिक सफर में कई अनुभव मुझे भाजपा में रहते मिले, जिसके लिए मैं आजीवन आभारी रहूंगी लेकिन गत कुछ वर्षो से शीर्ष नेतृत्व का कार्यकर्ताओं और आम जनमानस के प्रति निराशा, नीति और नेतृत्व में उदासीनता, महिलाओं के प्रति दिखावटी योजना एवं उनके प्रति बढ़ते अत्याचार को देखकर मैं आहत हूं, भाजपा की सदस्य होकर रोजाना जनता से उठ रहे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई के सवालों का उत्तर देने में असमर्थ हूं।’

उन्होंने लिखा कि, ‘जनता का न तो प्रदेश सरकार में विश्वास है ना ही केंद्र सरकार पर, जिस दल से जनता खुश नहीं है उस दल में रहकर सेवा नहीं किया जा सकता है। भाजपा सरकार में भाजपा संगठन के ही कार्यकर्ताओं की अनदेखी और उनके साथ द्वैत व्यवहार के चलते प्रदेश में भाजपा की लगातार छवि खराब हो रही है। भाजपा कार्यकर्ता जब भी संगठन के उच्च अधिकारियों से या सरकार के मंत्रियों और नेताओं से अपनी समस्या साझा करते हैं, तो मंत्री और नेता तथा पदाधिकारी निराकरण को दूर उनकी बात तक नहीं सुनते। कार्यकर्ताओं की इस स्तर की उपेक्षा से मैं आहत हूं।’

यादव ने आगे लिखा है कि, ‘निवाड़ी जिले की जनता लगातार भाजपा शासन में स्वयं को पीड़ित महसूस कर रही है। चूंकि जनता की पीड़ा मेरी अपनी भी पीड़ा है। इसलिए नेतृत्व को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता एवं जिला उपाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप रही हूं।’ रोशनी यादव के इस्तीफे के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। रोशनी यादव, पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की पौत्र वधू हैं। वह निवाड़ी जिला उपाध्यक्ष और जिला पंचायत भी सदस्य हैं।

 

रोशनी यादव निवाड़ी में जिला पंचायत सदस्य हैं। वे बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र कृष्ण की भी सर्मथक हैं। उनके कार्यक्रमों में यादव काफी हिस्सा लेती रहीं हैं। यादव सोशल मीडिया में भी काफी सक्रिय रहती हैं। उनके अलावा बीते कुछ दिनों में भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने अपनी नाराजगी जताई है और इनमें से कई तो पार्टी छोड़कर जा चुके हैं।  हालही में समंदर पटेल भाजपा से कांग्रेस में आए हैं। इसके पहले ग्वालियर चंबल क्षेत्र से भाजपा के कई नेता जो सिंधिया के करीबी थे वे भी कांग्रेस में आ चुके हैं।



Related