मालवा से हुई भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत, गृहमंत्री अमित शाह की ज़ोरदार रैली


2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी कार्यकर्ताओं को तैयार किया, शाह ने कहा हम सभी 29 सीटें जीतेंगे


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनाव की औपचारिक शुरुआत मालवा से की जा चुकी है। गृहमंत्री अमित शाह ने यह रविवार को यह शुरुआत की। इंदौर में विजय संकल्प यात्रा के दौरान अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया विधानसभा 2023 और लोकसभा 2024 में जीत का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। शाह ने पूर्व सीएम कमलनाथ को करप्शन नाथ और दिग्विजय सिंह को श्रीमान बंटाधार बताया।

इस बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 को कांग्रेस ने बच्चे की तरह सालों तक पाल रखा था लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से धारा  370 खत्म कर उसे भारत से जोड़ने का काम किया, मोदी सरकार आने पर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों की धज्जियां उड़ाने का काम हमारी सेना ने किया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद किया है। वे कहीं भी जाएं तो मोदी-मोदी के नारे लगते हैं।

शाह ने राममंदिर का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पांच सौ सालों तक राम लला टेंट के नीचे थे और कांग्रेस ने राम लला के मंदिर पर ताला लटका रखा था। उन्होंने कहा देवी अहिल्या बाई होल्कर के बाद धार्मिक स्थलों का कायाकल्प पीएम मोदी ने की ही किया है। इसके अलावा गृहमंत्री ने पूर्व सीएम कमलनाथ पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने भाजपा सरकार द्वारा शुरु की गईं सारी जनहितैषी योजनाएं बंद कर दीं थी और वे निवेश लाने में भी नाकाम रहे। कमलनाथ एक ही इंडस्ट्री मप्र में नहींं ला सके। वहीं दिग्विजय सिंह को शाह ने श्रीमान बंटाधार कहकर पुकारा।

शाह की इस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। पार्टी के सभी बड़े नेता भी यहां मौजूद रहे। सीएम शिवराज सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि अब संघर्ष का समय आ चुका है, तैयार हो जाओ। वहीं महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने अब तक भाजपा की हार बता रहे सर्वे और ओपिनियन पोल से कुछ हतोत्साहित रहे कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि ये सब बोगस सर्वे थे, भाजपा चुनाव जीतने जा रही है और हम 170 सीटें लाएंगे और कांग्रेस 50 सीटें लाएगी।



Related