OBC कांग्रेस की यात्रा आज से, 25 सीटों पर असर छोड़ने की तैयारी


OBC वर्ग के प्रभाव क्षेत्र वाली सीटों पर कांग्रेस की तैयारी


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। चुनावों से पहले अब पिछड़ा वर्ग सभी दलों के लिए अहम हो गया है। ऐसे में अब राजनीतिक दल पिछड़ा वर्ग को साधने की कोशिश में हैं। भारतीय जनता पार्टी से ओबीसी समाज की नाराजगी की खबरें लगातार आ रहीं हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए यह फायदेमंद हो सकता है।

कांग्रेस इस बार पिछड़ा वर्ग पर ज्यादा ध्यान दे रही है। ऐसे में OBC कांग्रेस 15 जून, गुरुवार से कमलनाथ संदेश यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। यात्रा की शुरुआत भोपला में पीसीसी दफ्तर से होगी जहां प्रदेश में पार्टी प्रमुख कमलनाथ इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव भी मौजूद रहेंगे। भोपाल से शुरु हो रही इस यात्रा का समापन दतिया में होगा। जहां एक बड़ी सभा की जाएगी।

इस यात्रा का उद्देश्य ओबीसी के दबदबे वाली सीटों पर काम करना है। इस दौरान कमलनाथ सरकार के 15 महीनों के कार्यकाल के बारे में जनता को बताया जाएगा और साथ ही आने वाले चुनावों के लिए की गई घोषणाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।  इनमें बुंदेलखंड और ग्वालियर क्षेत्र की सीटें अहम हैं। इन इलाकों के दस जिलों में करीब 25 सीटों को यह यात्रा कवर करेगी। भोपाल से शुरू होकर रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी होकर दतिया पहुंचेगी।

ओबीसी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने मीडिया को बताया कि ओबीसी कांग्रेस की यात्रा का यह पहला चरण है जहां  50 से अधिक जन सभाओं के माध्यम से लगभग 23 लाख लोगों को संबोधित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस यात्रा के दौरान भाजपा सरकार के 18 साल के कुशासन, 15 महीने की कमलनाथ सरकार के जनहितैषी, किसान, मजदूर, युवा, कर्मचारियों के हित में किए गए कामों और सरकार के द्वारा लिए गए निर्णयों के बारे में जनता को बताएंगे।

आगामी चुनाव की घोषणाओं में सबसे ज्यादा तरजीह नारी सम्मान योजना को दी जाएगी। इसके अलावा 100 यूनिट बिजली बिल की माफी और 200 यूनिट पर बिल की आधी कीमत के बारे में भी लोगों को बताया जाएगा। वहीं पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा 500 रुपए में गैस सिलेंडर और जातिगत जनगणना कराने सहित अनेक मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।



Related