लौट रहा है कोरोना… क्या बंद होगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा!


भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए भाजपा और केंद्र सरकार के पास अब ठोस कारण दिखाई दे रहा है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

भोपाल। दुनिया में कोरोना एक बार फिर दस्तक दे रहा है और चीन में इसका असर सबसे ज्यादा नजर आ रहा है। जहां लाखों लोग इससे ग्रसित बताए जा रहे हैं और बड़े पैमाने पर लोगों की मौत की खबर आ रही है। इस बीच भारत में भी इसके खतरों पर चर्चा शुरु हो चुकी है।

केंद्र सरकार ने कोरोना से बचने के लिए बैठक बुलाई है वहीं सभी विभाग इसकी एडवायज़री जारी करने में लगे हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने एक एडवायजरी के तहत भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित करने के लिए भी लिए भी अनुरोध किया है। उन्होंने यह अनुरोध कांग्रेस पार्टी के साथ राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत से भी किया है।

जहां एक ओर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अनुरोध की भाषा का बोल रहे हैं तो दूसरे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर इस मामले को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हो उठे हैं। वे कोरोना के बहाने भारत जोड़ो यात्रा और राहुल गांधी पर आरोप लगा रहे हैं। इस तरह भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए भाजपा और केंद्र सरकार के पास अब ठोस कारण दिखाई दे रहा है।

वहीं कोरोना को लेकर हो रही गंभीर बैठकों की बात करें तो बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख माडविया की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक के बाद लोगों से कोरोना से बचने के लिए उपाय अपनाने की अपील की गई है।

इस बैठक में नीति आयोग के डॉ. वीके पॉल ने लोगों से भीड़भाड़ में मास्क लगाने की अपील की है।  अभी केवल 27% आबादी ने ही बूस्टर डोज ली है। यह खुराक लेना सभी के लिए आवश्यक है।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि कोरोना के सभी पॉजिटिव केस के सैम्पल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजें, ताकि कोरोना के वैरिएंट का पता लगाया जा सके। इन दिनों चीन, जापान, अमेरिका, कोरिया और ब्राजील में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं।

 



Related






ताज़ा खबरें