सिक्किम में चीन की घुसपैठ की कोशिश नाकाम, झड़प में 20 चीनी व चार भारतीय सैनिक घायल


भारतीय सेना ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि 20 जनवरी को सिक्किम के नाकु ला में भारत व चीन के सैनिक आमने-सामने आ गए थे। दोनों सेना के कमांडर्स ने तय प्रोटोकॉल के मुताबिक विवाद सुलझा लिया।


Manish Kumar Manish Kumar
बड़ी बात Updated On :
india-china-faceoff

नई दिल्ली। भारत-चीन में तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। दोनों देशों के सैनिकों में एक बार फिर सिक्किम के ना कुला में झड़प हुई है, जिसमें 20 चीनी सैनिक व चार भारतीय सैनिक घायल हुए हैं।

वहीं, भारतीय सेना ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि 20 जनवरी को सिक्किम के नाकु ला में भारत व चीन के सैनिक आमने-सामने आ गए थे। दोनों सेना के कमांडर्स ने तय प्रोटोकॉल के मुताबिक विवाद सुलझा लिया।

वहीं कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन ने नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश की, जिसे भारतीय जवानों ने रोकने की कोशिश की तो चीनी सैनिकों ने हाथापाई शुरू कर दी।

भारतीय सेना ने इसका जवाब देते हुए चीन के सैनिकों को बलपूर्वक पीछे खदेड़ दिया। सूत्रों के मुताबिक, इस झड़प में चीन के 20 सैनिक घायल हो गए, वहीं भारत के भी चार जवान जख्मी हुए हैं। हालांकि, सेना ने किसी के घायल होने की जानकारी नहीं दी है।

बता दें कि 8 जनवरी को चीन के एक सैनिक को पूर्वी लद्दाख के पैगॉन्ग त्सो लेक के दक्षिणी हिस्से वाले भारतीय सीमा में घुसने के बाद हिरासत में ले लिया गया था।

हालांकि, भारत ने दो दिन बाद चीनी सैनिक को लौटा दिया था और चीन ने सैनिक के भारतीय सीमा में घुसने पर सफाई दी थी कि उसका सैनिक गलती से भारतीय इलाके में चला गया था।

इससे पहले अक्टूबर में भी चीन के सैनिक ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की थी। अक्टूबर में डेमचोक सेक्टर में एक चीनी सैनिक को हिरासत में लिया गया था। 21 अक्टूबर को इसे चुशूल-मॉल्डो मीटिंग पॉइंट पर चीनी अफसरों को सौंप दिया गया था। वह दो दिन भारतीय सेना की हिरासत में रहा था।

बता दें कि भारत-चीन के बीच पिछले साल अप्रैल से तनाव बना हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जून 2020 में गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। चीन के भी 40 से ज्यादा सैनिक मारे गए थे। हालांकि उसने कभी कबूल नहीं किया।



Related






ताज़ा खबरें