आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का नियमितिकरण की मांग को लेकर कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल


आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं के दो संगठनों के इस तरह से हड़ताल पर चले जाने से महिला बाल विकास विभाग की सारी गतिविधियां कल से सरगुजा जिले में ठप हो जाएंगी।


DeshGaon
उनकी बात Published On :
cg anganwadi workers strike

रायपुर। 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले ही कांग्रेस सरकार पर वादों को अमल में लाने का दबाव बनाने के लिए विभिन्न कर्मचारी संगठन लामबंद होने लगे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस द्वारा जन घोषणा पत्र में किए गए वादों को लेकर धरना प्रदर्शन का दौर शुरू हो चुका है।

इसी कड़ी में सरगुजा जिले में 9 फरवरी से आंगनबाड़ी केंद्रों में ताले लटके मिलेंगे क्योंकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं के संगठन ने 9 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला कर लिया है।

बता दें कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं का एक संगठन पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहा है और अब दूसरे संगठन ने भी नौ फरवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाने का फैसला कर लिया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं के दो संगठनों के इस तरह से हड़ताल पर चले जाने से महिला बाल विकास विभाग की सारी गतिविधियां कल से सरगुजा जिले में ठप हो जाएंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार से लेकर टीकाकरण का काम भी बाधित हो जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर सरगुजा जिले का आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ 9 फरवरी गुरुवार को आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन बंद कर जिला, परियोजना और ब्लाक स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं का एक संगठन पहले से ही अंबिकापुर के भारतीय स्टेट बैंक कलेक्टोरेट के पास धरना-प्रदर्शन कर रहा है। इस संगठन के आंदोलन से कई आंगनबाड़ी केंद्रों में ताले लग चुके हैं।

अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ द्वारा भी कल नौ फरवरी से आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन करने से महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं का संचालन पूरी तरह से ठप हो जाने की संभावना है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका संघ सरगुजा की महामंत्री फुलासो एक्का ने बताया कि

14 फरवरी 2022 से मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल किया गया था। उस दौरान महिला बाल विकास मंत्री से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया गया था, लेकिन शासन स्तर से अभी तक मांगों को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है इसलिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका नौ फरवरी से केंद्रों का संचालन बंद कर धरना देंगे।



Related






ताज़ा खबरें