MP यूथ कांग्रेस का आरोप- एक लाख से ज्यादा पद रिक्त लेकिन भर्ती नहीं कर रही सरकार

DeshGaon
भोपाल Published On :
mp youth congress

भोपाल। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि विभिन्न विभागों में एक लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार उन पर भर्ती नहीं कर रही है।

आरोपों में यह भी कहा गया है कि एक साल से बैकलॉग पदों की भर्ती की घोषणा की जा रही है लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। इससे बेरोजगार युवाओं की आयु भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा से अधिक हो चुकी है।

प्रदेश युवा कांग्रेस ने सरकार से अधिकतम आयु सीमा में वृद्धि करने और भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की है। इसे लेकर ही मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख विवेक त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में त्रिपाठी ने कहा कि सरकार बेरोजगारी दर कम होने का दावा कर रही है लेकिन हकीकत यह है कि पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या ही 35 लाख है।

उन्होंने कहा कि दो साल से कोई भर्ती नहीं हुई है और अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त होते जा रहे हैं। दो साल में प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड तीन परीक्षाएं निरस्त कर चुका है। बेरोजगारी की स्थिति यह है कि भृत्य और ड्रायवर की भर्ती के लिए हजारों आवेदन आ रहे हैं।

स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना लागू की गई है लेकिन उसमें प्रकरण ही स्वीकृत नहीं किए जा रहे हैं। स्कूल और कॉलेजों में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति तक नहीं मिल रही है।

इस वर्ष विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करना प्रस्तावित है। संगठन ने सरकार से मांग की है कि इसमें सभी बेरोजगार युवाओं को मौका मिल सके, इसके लिए अधिकतम आयु सीमा में वृद्धि की जाए।



Related






ताज़ा खबरें