फूड पॉइजिंग की घटना के बाद खाद्य विभाग ने दुकानों से लिए सामग्री जांच के नमूने

DeshGaon
धार Published On :
dhar food sampling

धार। जिले के बदनावर में बुधवार को फूड पॉइजनिंग के कारण 300 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में भोजन करने के बाद लोगों को उल्टियां होने लगीं जिसके बाद इन्हें बदनावर सिविल हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था, जहां मरीजों का इलाज किया गया।

कई मरीजों को तो तुरंत ही डिस्चार्ज कर दिया गया लेकिन बाकी बचे हुए मरीजों को सरदार पटेल अस्पताल में भर्ती किया गया है जबकि कई को बड़नगर भी रेफर किया गया था। कुछ का सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों का रातभर इलाज चला। अब सभी की हालत खतरे से बाहर है।

सीबीएमओ डॉक्टर एसएल मुजाल्दा ने बताया कि यहां भर्ती सभी मरीज अब ठीक हैं। जिन मरीजों की हालत में सुधार हो चुका है, उनकी छुट्टी कर दवाई गोलियां देकर घर भेज दिया गया है।

घटना के बाद दूसरे दिन फूड विभाग द्वारा कलेक्टर प्रियांक मिश्रा के आदेश पर ग्राम धमाना, बदनावर मांगीलाल पिता भूरा पवार के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में परोसे गए भोजन को खाने से लोगों को फूड पॉइजनिंग की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरजी माऊता एवं अभिहित अधिकारी सचिन लौगरिया के द्वारा मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया।

फूड पॉइजनिंग का कारण विवाह समारोह में तैयार भोजन के कारण होना बताया गया। मुख्य रूप से मावा के कारण फूड पॉइजनिंग होना लोगों के द्वारा बताया गया है। विवाह समारोह मांगीलाल पिता भूरा पवार उम्र 61 वर्ष निवासी ग्राम धमाणा तहसील बदनावर जिला धार के परिवार में था।

मांगीलाल के द्वारा मावा रतलाम के मावा व्यापारी सुभाष भंडारी से क्रय करना बताया गया है। विवाह समारोह में बाफले, सूजी मावा शक्कर से बने लड्डू, रायता, तुवर दाल, पापड़ कतरन एवं ग्रेवी बनाए गए थे।

मौके पर बचे हुए भोजन में से बाफले लड्डू रायता, तुवर दाल, पापड़ कतरन, ग्रेवी एवं भोजन तैयार करने हेतु मौजूद घी के नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

किराना साम्रगी का लिया सैंपल –

विवाह समारोह के आयोजक मांगीलाल पिता भूरा पवार ने बताया कि किराना सामग्री ग्राम मुलथान तहसील बदनावर स्थित रतन लाल जैन पिता अनोखीलाल जैन की दुकान से क्रय की गयी थी। उक्त जानकारी के आधार पर 4 अप्रैल को रतन लाल जैन की किराना दुकान से रवा एवं तुअर दाल का नमूना जांच हेतु लिया गया है।

रतन लाल जैन के द्वारा जिस हर्ष कुकिंग मीडियम का विक्रय मांगीलाल पिता भूरा पवार को किया गया था, वो उसके द्वारा बदनावर स्थित दीपक मार्केटिंग से क्रय किया है। उक्त जानकारी के आधार पर दीपक मार्केटिंग से हर्ष कुकिंग मीडियम का नमूना जांच हेतु लिया गया है।

dhar collector at hospital

जिम्मेदार के खिलाफ होगी कार्रवाई –

मीडिया से चर्चा में कलेक्टर ने कहा कि बुधवार को डॉक्टरों की हड़ताल होने के बावजूद सभी चिकित्सक फूड पॉइजनिंग से बीमार हुए लोगों का इलाज करने के लिए अस्पताल पहुंचे। समाजसेवियों, निजी डॉक्टरों और शासकीय डॉक्टरों की उपस्थिति में इलाज होने से कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

घटना के तुरंत बाद पहुंचे जिम्मेदार –

जिला प्रशासन के अधिकारियों को सूचना मिलने के तुरंत बाद बदनावर पहुंचे। फूड पॉइजनिंग से हुई इस बड़ी घटना को लेकर रात में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी मनोज कुमार सिंह एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिरीष रघुवंशी भी सिविल अस्पताल पहुंचे।

यहां घटना को लेकर एसडीएम मेघा पवार से चर्चा की और बाद में कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से घटनाक्रम की जानकारी ली। कलेक्टर सरदार पटेल अस्पताल भी पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों से भी उन्होंने मुलाकात की।



Related






ताज़ा खबरें