वैक्सीनेशन के लिए किशोरों में उत्साह, स्कूलों में लग रहीं लाइनें


वैक्सीनेशन को लेकर उत्साहित छात्र लेकिन माता-पिता चिंतित, पहले दिन हुई सर्वर की समस्या


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Updated On :
महू में टीकाकरण


इंदौर। जिले में किशोरों के लिए वैक्सीनेशन सोमवार से शुरु हो रहा है। यहां 15 से 18 वर्ष के किशोरों के लिए टीका लगाया जाएगा। जिले में इस आयु वर्ग के करीब ढ़ाई लाख किशोर हैं।  इसके लिए जिले में 289 सेंटर बनाए गए हैं। इनमें से 172 शहरी इलाके में हैं तो वहीं 117 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। यहां सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक टीका लगाया जाएगा।

हालांकि पहले दिन वैक्सीनेशन में कुछ देरी हुई लेकिन ज्यादातर सेंटरों पर वैक्सीनेशन शुरु हो चुका है। हालांकि ग्रामीण इलाकों में सर्वर की समस्या के कारण देरी हो रही है। महू तहसील के भगोरा गांव में सर्वर की समस्या के कारण छात्रों को काफी इंतज़ार करना पड़ा।

महू तहसील में बनाए गए एक वैक्सीन सेंटर में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे टीका लगवाने पहुंचे। यहां 13122 किशोरों को टीका लगाया जाना है। यहां के शहर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में करीब 850 छात्रों को टीका लगाया जा रहा है और कन्या विद्यालय में चार सौ विद्यार्थियों को टीका लगाया जाना है। यहां टीकाकरण से पहले शिक्षक छात्रों को इसके फायदे समझाते नजर आए।

कन्या विद्यालय के प्राचार्य आरएस नर्गेस ने बताया कि उन्होंने सभी छात्रों ने तो पहले ही सूचना दी थी लेकिन कुछ ने ही इसमें रुचि दिखाई। उनके मुताबिक सभी बच्चों को टीका लगना अनिवार्य है। इसके लिए उनके माता-पिता को भी समझाया जा रहा है। वहीं निजी स्कूलों में बच्चों की खासी भीड़ देखी जा रही है। यहां टीकाकरण के लिए लंबी लाइनें लगी हुई हैं।

टीकाकरण को लेकर बच्चों के माता-पिता में उत्साह और चिंता दोनों हैं। कई अभिभावक जहां अपने बच्चों को टीका लगवाना चाहते हैं तो बहुत से ऐसे हैं जो इसके लिए जल्दबाज़ी नहीं करना चाहते हैं। उनके मुताबिक बच्चों पर टीके के असर को लेकर वे फिलहाल पक्के तौर पर कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। ऐसे में कुछ समय तक रुकना ही ठीक रहेगा।

ऐसे हो रहा है रजिस्ट्रेशन

  • आरोग्य सेतु एप पर कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन। इसकी प्रोसेस दो मिनिट की बताई जा रही है। इसके अलावा https://www.cowin.gov.in/ पर भी रजिस्ट्रेशन होगा। यह वैसी ही व्यवस्था है जैसी की वयस्कों के लिए की गई थी।
  • अगर सीधे सेंटर पर पहुंच जाते हैं तो टीकाकरण से केंद्र पर भी रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था होगी। यह रजिस्ट्रेशन फोटो आईडी जैसे आधार कार्ड, पेन कार्ड  के द्वारा किया जा रहा है।
  • जिन बच्चों का जन्म 2007 में हुआ है वे वैक्सीनेशन के पात्र होंगे। इसमें जन्म तारीख फीड करना आवश्यक नहीं है। यहां केवल जन्म वर्ष की जानकारी देनी ज़रुरी है।

वहीं प्रदेश की बात करें तो यहां 15 से 18 की उम्र के करीब 48 लाख किशोर हैं। इनमें से 36.80 लाख को स्कूलों में टीके लगाने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने 17892 स्कूलों में इसके लिए इंतज़ाम किया है।

 

 



Related






ताज़ा खबरें