महूगांव नगर परिषदः 27 हज़ार वोटर चुनेंगे अपने पार्षद, बड़े नेताओं की साख़ लगी है दांव पर


भाजपा प्रत्याशी के लिए तहसील के भाजपा नेता जीजान लगाए हुए हैं वहीं बागी प्रत्याशी अंजना दुबे के लिए एक बड़ी टीम यहां पर काम कर रही है।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :

इंदौर। महू तहसील के महूगांव नगर परिषद में बुधवार को मतदान होगा। नगर परिषद के 27 हजार से अधिक मतदाता अपने वार्ड के 15 पार्षदों  का चुनाव करेंगे। इस परिषद में सबसे कड़ा मुकाबला वार्ड क्रमांक 10 में है जहां भाजपा प्रत्याशी को एक निर्दलीय प्रत्याशी कड़ी टक्कर दे रही हैं।

इस परिषद में इस बार आप पार्टी के प्रत्याशियों ने भी दोनों ही राजनीतिक दलों के समीकरण बिगाड़ रखे हैं। भाजपा ने अपने बागियों को मनाने के प्रयास किये और जो नहीं मानें उन्हें बाहर कर दिया गया है।

ऐसी उम्मीद कांग्रेस की ओर से भी की जा रही थी लेकिन उनकी ओर से केवल चेतावनी जाहिर की गई।

महूगांव नगर परिषद में कुल 15 वार्ड हैं इस परिषद पर अपना कब्जा जमाने के लिए भाजपा के साथ कांग्रेस भी पूरी तरह जी जान लगाए हुए है लेकिन इस बार दोनों ही दलों में निर्दलीय व बागी प्रत्याशी समीकरण बिगाड़ रखे हैं।

इस परिषद में कुल 27,353 मतदाता हैं। इनमें 14,118 पुरुष तथा 13234 महिला मतदाता हैं। एक मतदाता थर्ड जेंडर है। यहां का वार्ड क्रमांक, 14 जिसे चंद्रशेखर आजाद नाम दिया गया है।

यहां सबसे ज्यादा 3977 मतदाता हैं, इनमें 2057 पुरुष मतदाता और 1920 महिला मतदाता हैं जबकि वार्ड क्रमांक 7,  लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में  सबसे कम 558 पुरुष मतदाता और  556 महिला मतदाता हैं।

यहां पर भाजपा ने डॉ. स्वर्णा दुबे को तो कांग्रेस ने पांडे को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसी वार्ड में एक बागी उम्मीदवार अंजना दुबे ने भारी उलटफेर कर रखा है।

भाजपा प्रत्याशी के लिए तहसील के भाजपा नेता जी-जान लगाए हुए हैं, वहीं बागी प्रत्याशी अंजना दुबे के लिए एक बड़ी टीम यहां पर काम कर रही है। इस परिषद पर कब्जा जमाने के लिए 15 में से 8 पार्षद किसी एक पार्टी को चाहिए।

स्वर्णा दुबे के लिए पिछले 10 दिन से भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मतदाताओं को रिझा रहे हैं जबकि अंजना दुबे के लिए युवाओं की बड़ी टीम काम कर रही है। बताया जाता है कि स्वर्णा दुबे के लिए राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार दम लगा रहीं हैं।

बताया जाता है कि कविता पाटीदार ने यहां इसी इकलौती प्रत्याशी के लिए टिकट मांगा है और वे उन्हें जिताना चाहती हैं। इसी वार्ड की भाजपा प्रत्याशी स्वर्णा दुबे के लिए शहर कांग्रेस के भी कुछ लोग रातों को जनसंपर्क कर रहे हैं।

आप पार्टी ने भी इस बार अपने प्रत्याशी मैदान में खड़े किए हैं जो विजय नहीं होंगे तो दोनों पार्टियों का वोट गणित जरूर बिगाड़ सकते हैं।



Related






ताज़ा खबरें