सैकड़ों सर्मथकों के साथ नगर पालिका अध्यक्ष हुईं कांग्रेस में शामिल

DeshGaon
राजनीति Published On :

भोपाल। प्रदेश की भाजपा को छोड़कर एक महिला नेत्री अपने सैकड़ों सर्मथकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गईं। बैतूल जिले की मुलताई नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रहलाद सिंह परमार ने पीसीसी प्रमुख कमलनाथ के सामने कांग्रेस की सदस्यता ली।  इस दौरान मुलताई से कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे के नेतृत्व में बीजेपी, बीएसपी और आम आदमी पार्टी के सैंकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नीतू सिंह ने भाजपा से अपनी नाराजगी के चलते एक बागी के तौर पर  नगर पालिका चुनाव लडा था और जीत दर्ज की।

कांग्रेस पार्टी के द्वारा जारी की गई खबर के मुताबिक मुलताई के विभिन्न पार्टियों के करीब 700 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी सदस्यता ली। जिन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली उनमें वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद परमार, भीम सिंह चंदेल, आम आदमी पार्टी की नीरजा लोधी, बीएसपी के जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ हेमंत वाईकर भी शामिल हैं। यहां कमलनाथ ने इन सभी से कहा कि हम सबको भारतीय संस्कृति को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मैं आप लोगों से यह नहीं कहता कि कांग्रेस पार्टी के साथ दीजिए मैं आपसे निवेदन करता हूं कि सत्य का साथ दें।

कमलनाथ ने आगे कहा की हरदा उनका पड़ोसी जिला है और मुलताई के लोग उनके पड़ोसी हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब वे केंद्र सरकार में शहरी विकास मंत्री थे तो हरदा जिले की नगर पालिकाओं के लिए विशेष रूप से राशि आवंटित कराई थी। कमलनाथ ने कहा कि आप सब लोगों को मिलकर विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाना है।

इस दौरान मौजूद कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे ने कहा कि बैतूल जिले की जनता पूरी तरह से भाजपा के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है। नगर पालिका में भाजपा के नेता कोई काम नहीं होने दे रहे थे। कमलनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं।



Related