मप्र में प्रवेश के बाद भारत जोड़ो यात्रा से विराम लेकर गुजरात में प्रचार करेंगे राहुल गांधी


राहुल अपनी यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के बाद 22 नवंबर को गुजरात में प्रचार के लिए जाएंगे


DeshGaon
राजनीति Published On :

भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खूब सुर्ख़ियों में है। ऐसे में उनका विधानसभा चुनावों में प्रचार के लिए जाना मुश्किल नजर आ रहा था लेकिन अब पार्टी ने उन्हें गुजरात चुनाव में भेजने का फैसला किया है। राहुल अपनी यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के बाद 22 नवंबर को गुजरात में प्रचार के लिए जाएंगे। वे इसके लिए यात्रा से एक दिन का विराम लेंगे।

बीते 67 दिनों भारत जोड़ो यात्रा में लगातार चल रहे और लोगों से मिल रहे राहुल गांधी की व्यस्तता नजर आ रहा है लेकिन गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में उनके सक्रिय न होने पर राजनीतिक जानकार और विपक्षी पार्टियां उनकी आलोचना कर रही थीं ऐसे में अब राहुल का यह कदम कांग्रेस के लिए अच्छा माना जा रहा है। हालांकि राहुल गांधी का देरी से लिया गया यह फैसला केवल गुजरात चुनावों में ही कारगर होगा क्योंकि हिमाचल प्रदेश में वोटिंग तो वोटिंग हो चुकी है।

इससे पहले पिछले विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी ने गुजरात में जमकर प्रचार किया था। इस बार राहुल गांधी नजर नहीं आ रहे थे ऐसे में गुजरात में कांग्रेसी नेताओं को जवाब देना मुश्किल हो रहा था। कांग्रेस इस बार गुजरात में पिछले चुनावों से ज्यादा मुश्किल में है क्योंकि इस बार वहां केवल भाजपा ही कांग्रेस के सामने नहीं है बल्कि आम आदमी पार्टी  भी गंभीरता से चुनाव में उतरी है। गुजरात में दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को चुनाव होने हैं और 8 दिसंबर को इन चुनावों  के नतीजे आएंगे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल महाराष्‍ट्र में है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्‍य ठाकरे सहित भी शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं,  इसके अलावा एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने भी यात्रा में शिरकत की है। यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश में प्रवेश करने जा रही है। राहुल की यह यात्रा पश्चिमी मध्यप्रदेश के मालवा निमाड़ इलाके में से होकर गुजरेगी। ऐसे में यहां तैयारियां तेज़ हैं। कांग्रेसी नेता यहां भीड़ लाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यात्रा आंबेडकर जन्मभूमि महू भी जाएगी जहां राहुल गांधी एक रात रुकेंगे।



Related