कोलकाता पुलिस ने भाजपा से निष्कासित नेता नूपुर शर्मा के खिलाफ जारी किया लुकआउट नोटिस

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
nupur-sharma-kolkata-police

नई दिल्ली। कोलकाता पुलिस ने निलंबित भाजपा नेता नूपुर शर्मा के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया।

कोलकाता के एमहर्स्ट पुलिस स्टेशन में नूपुर के खिलाफ पैगंबर साहब पर विवादित टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी।

इस मामले में उन्हें 25 जून को बुलाया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुईं। उन्होंने पेश होने के लिए 4 हफ्ते का समय मांगा था। कोलकाता में नूपुर के खिलाफ 10 FIR दर्ज हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

यौन उत्पीड़न के मामले में वरिष्ठ नेता पीसी जॉर्ज गिरफ्तार – 

केरल पुलिस ने वरिष्ठ नेता पीसी जॉर्ज को यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी सोलर पैनल मामले में एक आरोपी की शिकायत के आधार पर हुई।

जॉर्ज को तिरुवनंतपुरम स्थित एक अतिथि गृह से छावनी पुलिस ने हिरासत में लिया। इससे पहले उसे हेट स्पीच मामले में भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट करने वाले अमरावती के दवा व्यापारी की हत्या की जांच करेगी NIA – 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को 21 जून को महाराष्ट्र में अमरावती के एक दवा व्यापारी उमेश कोल्हे की हत्या की जांच करने का निर्देश दिया।

उमेश ने फेसबुक पर निलंबित भाजपा नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट किया था। पोस्ट करने पर विशेष समुदाय के लोगों ने धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

मोहम्मद जुबैर की ज़मानत याचिका खारिज, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा – 

दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर की ज़मानत याचिका खारिज की। कोर्ट ने मोहम्मद जुबैर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट AltNews के को-फाउंडर जुबैर पर सबूत मिटाने और गलत तरीके से विदेशी फंडिंग लेने के आरोप में नया मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जुबैर पर IPC की धारा 201, 120 बी और FCRA की 35 सेक्शन लगाया गया है।

मोहम्मद जुबैर की ओर से कोर्ट में जमानत याचिका दर्ज की गई है। उन्हें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 27 जून को गिरफ्तार किया था।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

मणिपुर के नोनी जिले में एक और भूस्खलन –

मणिपुर के नोनी जिले में एक और भूस्खलन होने की खबर है। यहां 29 जून को जवानों का कैंप लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया था। जिसके बाद से NDRF की टीम बड़े पैमाने पर रेस्क्यू मिशन चला रही है। लैंडस्लाइड में 81 लोगों के दबे होने की पुष्टि रेस्क्यू टीम ने की।

महाराष्ट्र के सांगली में पति-पत्नी ने की आत्महत्या –

महाराष्ट्र के सांगली में एक पति-पत्नी अपनी 18 महीने की बेटी की मौत के दुख से नहीं उबर पाए और उन्होंने आत्महत्या कर ली। सांगली जिला पुलिस ने बताया कि गुरुवार को 28 साल के करण हेंगडे और उनकी पत्नी शीतल हेंगडे (22 साल) के शव राजेवाड़ी गांव में एक मंदिर के पास पेड़ से लटके मिले।

पुलिस ने बताया कि दंपति की 18 माह की बेटी की श्वास नली में खाना फंस गया था। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। दंपति अपनी एकलौती संतान की मौत के सदमे से उबर नहीं पाया और आत्महत्या का कदम उठा लिया।

पुलिस ने बताया कि उन्हें मंदिर के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दंपति ने लिखा है कि वे अपनी बेटी के पास जा रहे हैं।

हैदराबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक –

भाजपा की आज से दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू हो रही है। यह बैठक हैदराबाद में शाम 3 बजे से शुरू होगी। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित सभी शीर्ष नेता शामिल होंगे। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने शुक्रवार को हैदराबाद में पार्टी महासचिवों के साथ बैठक की।

तेलगांना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (KCR) और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के गढ़ में होने वाली भाजपा की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।

बताया जा रहा है कि आगामी लोकसभा के मद्देनजर भाजपा दक्षिण फतेह करने की तैयारी में है। दरअसल, दक्षिण के 5 राज्यों में 100 से ज्यादा लोकसभा सीटें हैं। भाजपा की इन्हीं सीटों पर ही नजर है।

उदयपुर हत्याकांड के विरोध में गुरुग्राम में हुई रैली में लगे नफरती नारे, पुलिस ने दर्ज की FIR –

राजस्थान के उदयपुर में टेलर की हत्या के विरोध में बुधवार को गुरुग्राम में विश्‍व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से रैली निकाली गई। इसमें एक समुदाय विशेष के खिलाफ नफरती नारे लगाए गए। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है।

बुधवार शाम करीब 5 बजे 50 से ज्‍यादा लोग शहर के कमला नेहरू पार्क में इकट्ठा हुए थे। इन लोगों ने करीब एक घंटे तक शहर में मार्च किया।

इस दौरान लोगों ने इस्‍लामिक जिहाद आतंकवाद का पुतला जलाया और मुस्लिम समुदाय के खिलाफ भड़काऊ नारे लगाए। पुलिस ने मामले में सेक्‍शन 116, 153A, 295A, 34, 504 के तहत यह FIR दर्ज की है।

झारखंड में एसिड अटैक में 7 लोग घायल, आरोपी गिरफ्तार –

झारखंड के दुमका से शुक्रवार को एसिड अटैक का मामला सामने आया है। घटना जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव की है, जहां एक शख्स ने एक दुकान के अंदर एसिड फेंक दिया, जिसमें 7 लोग घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी उस दुकान के मालिक से उधार पर खाना मांगने गया था, लेकिन दुकानदार ने मना कर दिया। दुकानदार के मना करने पर आरोपी घर चला गया और एसिड के साथ लौटा और उसे दुकान के अंदर फेंक दिया।

घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दुकान मालिक के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

सोशल मीडिया पर PM मोदी के खिलाफ विवादित पोस्ट करने वाला आरोपी गिरफ्तार –

PM मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने के आरोप में UP पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरपी का नाम रेहान है और वह UP के बदायूं जिले के सहसवां थाना क्षेत्र के नदयाल गांव का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि 30 साल के रेहान ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक पोस्ट की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

बदायूं के थाना इंचार्ज संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने रेहान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।



Related