मोहन भागवत बोले- ज्ञानवापी का एक इतिहास है जिसे बदल नहीं सकते, मंदिरों के लिए आंदोलन नहीं करेगा संघ

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
mohan-bhagwat-sangh

नई दिल्ली। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को नागपुर में कहा कि क्या हम ‘विश्वविजेता’ बनना चाहते हैं? नहीं, हमारी ऐसी कोई आकांक्षा नहीं है। हमें किसी को जीतना नहीं है। हमें सबको जोड़ना है।

संघ भी सबको जोड़ने का काम करता है जीतने के लिए नहीं। भारत किसी को जीतने के लिए नहीं बल्कि सभी को जोड़ने के लिए अस्तित्व में है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी का एक इतिहास है, जिसे हम बदल नहीं सकते। आज के हिंदू और मुसलमानों ने इसे नहीं बनाया है। रोज एक मस्जिद में शिवलिंग को क्यों देखना? झगड़ा क्यों बढ़ाना। वो भी एक पूजा है जिसे उन्होंने अपनाया है। वो यहीं के मुसलमान हैं।’

भागवत ने आगे कहा- वे बेशक बाहर से आयी है, लेकिन वह भी एक पूजा-पद्धति है, और जिन्होंने अपनायी है, उन सबके पूर्वज भी हमारे ऋषि-मुनि और क्षत्रिय ही हैं।

संघ प्रमुख ने कहा कि भारत किसी एक पूजा और एक भाषा को नहीं मानता क्योंकि हम समान पूर्वज के वंशज हैं। इस्लाम आक्रमणकारियों के जरिए भारत में आया तो भारत की स्वतंत्रता चाहने वाले लोगों का मनोबल कम करने के लिए हजारों देवस्थान तोड़े गए। हिंदू मुसलमानों के खिलाफ नहीं सोचता है लेकिन उसे लगता है कि इनका पुनुरुद्धार होना चाहिए।

वडोदरा की नाइट्रेट कंपनी में ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग –

गुजरात में वडोदरा जिले के नंदेसरी इलाके में दीपक नाइट्रेट नाम की एक कंपनी में गुरुवार दोपहर ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है।

फिलहाल हताहतों की संख्या का पता नहीं चला है। आग के चलते पूरा हाईवे बंद कर दिया गया है। फायर ब्रिगेड के एक कर्मचारी के अनुसार ब्लास्ट एक बॉयलर में हुआ था।

इसके बाद आग पूरे प्लांट में फैल गई और इसकी चपेट में आकर दो और बॉयलर फट गए। एक के बाद एक 8 धमाके सुने गए। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

बिहार में जातीय जनगणना को कैबिनेट से मिली मंजूरी, सर्वदलीय बैठक में लिया गया था फैसला –

बिहार में जातीय जनगणना को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। चीफ सेकेट्री अमीर सुभानी ने यह जानकारी दी। मालूम हो कि कल ही सर्वदलीय बैठक में फैसला लिया गया था कि बिहार में जातीय जनगणना की जाए।

मशहूर संतूर वादक भजन सोपोरी का गुरुग्राम के अस्पताल में निधन –

फेमस संतूर वादक भजन सोपोरी का गुरुग्राम के एक अस्पताल में गुरुवार को निधन हो गया। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे।

उनका जन्म साल 1948 में श्रीनगर में हुआ था। उनका पूरा नाम भजन लाल सोपोरी है। इनके पिता पंडित एसएन सोपोरी भी एक संतूर वादक थे। भजन सोपोरी संतूर वादन की शिक्षा ​​​​​घर पर ही उनके दादा एससी सोपोरी और पिता एसएन सोपोरी से मिली।

भजन सोपोरी ने अंग्रेजी साहित्य में मास्टर्स डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने वाशिंगटन विश्वविद्यालय से पश्चिमी शास्त्रीय संगीत का अध्ययन भी किया।
भजन सोपोरी का संबंध सूफियाना घराना से है। पंडित भजन सोपोरी जी ने तीन रागों की रचना की है। इनमें राग लालेश्वरी, राग पटवंती और राग निर्मल रंजनी है।

CBI ने भ्रष्टाचार के मामले में अनिल देशमुख के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

CBI ने भ्रष्टाचार के मामले में गुरुवार को सेशन कोर्ट में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख और उनके निजी सहायक संजीव पलांडे और कुंदन शिंदे के खिलाफ 59 पन्नों का आरोप पत्र दायर किया है।

एजेंसी ने अप्रैल में देशमुख, पलांडे और शिंदे को 100 करोड़ रुपये के रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया था। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर 21 अप्रैल, 2021 को देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था।

20 मार्च 2021 को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे एक पत्र में सिंह ने आरोप लगाया था कि देशमुख ने सचिन वाजे सहित मुंबई के कुछ पुलिस अधिकारियों को मुंबई के रेस्तरां और बार से हर महीने 100 करोड़ रुपए जमा करने का निर्देश दिया था।

पंजाब सरकार ने 424 VIPs की सुरक्षा बहाल की, हाईकोर्ट ने लगाई थी फटकार –

पंजाब हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिया है कि 434 VIPs की हटाई गई सुरक्षा बहाल की जाए। मालूम हो कि 28 मई को ही पंजाब की भगवंत मान सरकार ने 424 वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस ले ली। जिनकी सुरक्षा वापस ली गई, उनमें कई सेवानिवृत्त अधिकारी और पूर्व विधायक भी शामिल हैं।

कोर्ट ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि जिन लोगों की सुरक्षा वापस ली गई उनकी लिस्ट लीक कर दी गई। कोर्ट के आदेश के बाद पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने 424 लोगों की सुरक्षा बहाल करने का फैसला किया है।

7 जून से उन सभी की सुरक्षा बहाल हो जाएगी। इससे पहले अप्रैल महीने में भी भगवंत सरकार ने 184 वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस लेने का फैसला किया था

साकीनाका रेप और मर्डर केस के दोषी को फांसी की सजा, मुंबई की स्पेशल कोर्ट का फैसला –

मुंबई की स्पेशल कोर्ट ने साकीनाका रेप और मर्डर केस के दोषी मोहन चौहान को फांसी की सजा दी है। मोहन चौहान को 30 मई को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (डिंडोशी कोर्ट) एच सी शेंडे ने रेप और मर्डर के लिए दोषी ठहराया था।

चौहान ने सितंबर 2021 में 30 वर्षीय महिला के साथ रेप किया था और उसके निजी अंगों में रॉड डाल दी थी। महिला की अगले दिन एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

हज यात्रियों के लिए स्पाइस जेट ऑपरेट करेगा 37 स्पेशल फ्लाइट, भारत-सऊदी अरब के बीच भरेंगी उड़ान –

एयरलाइंस विमान स्पाइसजेट ने भारतीय हज यात्रियों के लिए 37 स्पेशल फ्लाइट ऑपरेट करेगा। यह विमान भारत से साऊदी अरब के बीच 31 जुलाई तक संचालित होगी।

स्पाइसजेट के इस फैसले के बाद हज यात्री मक्का-मदीना में इस्लामिक तीर्थ स्थलों का दौरा कर सकेंगे। कोविड महामारी के बाद स्पाइसजेट एक मात्र ऐसी फ्लाइट है, जो हज यात्रियों के लिए उड़ान उपलब्ध करा रही है।

स्पाइसजेट से मिली जानकारी के मुताबिक श्रीनगर से स्पेशल उड़ानें 5 जून से 20 जून के बीच मदीना के लिए प्रस्थान करेंगी। जबकि जेद्दा से श्रीनगर वापसी की उड़ानें 15 जुलाई से 31 जुलाई तक निर्धारित हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना पॉजिटिव, कई नेताओं के संक्रमित होने की आशंका –

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना से संक्रमित हो गई हैं। उनमें हल्के बुखार के लक्षण पाए गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुधवार को वे सेवादल के एक कार्यक्रम के दौरान जिन नेताओं से मिलीं थीं, उनमें भी कोरोना के लक्षण देखें गए हैं।

सुरजेवाला के मुताबिक, उन्हीं नेताओं के संपर्क में आने के बाद सोनिया गांधी पॉजिटिव पाई गईं।

एयरलाइंस कंपनी विस्तारा पर 10 लाख का जुर्माना, सेफ्टी नियमों को अनदेखा करने का आरोप –

एयरलाइंस कंपनी विस्तारा पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कंपनी पर सेफ्टी के नियम को तोड़ने का आरोप लगा है। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविशन (DGCA) ने बताया कि जरूरी ट्रेनिंग के बिना ही विस्तारा एयलाइन टेक ऑफ और लैंडिंग का क्लियरेंस ऑफिसर को दे दिया करती थी।

दरअसल, एयरक्राफ्ट पर पैसेंजर के साथ ऑनबोर्ड करने से पहले ऑफिसर को सिम्युलेटर में एयरक्राफ्ट को लैंड कराने की ट्रेनिंग दी जाती है। उसी तरह, लैंडिंग से पहले ऑफिसर की तरह ही कैप्टन को सिम्युलेटर में ही ट्रेनिंग दी जाती है, लेकिन एयरक्राफ्ट के ऑफिसर और कैप्टन को सिमुलेटर में ट्रेनिंग के बिना ही लैंड करा दिया जाता था।

ऐसे में ऑनबोर्डिंग के समय किसी हादसे की आशंका होती है, ये पूरी तरह से पैसेंजर की जान से खेलना है। ये लापरवाही इंदौर में लैंडिंग के समय पाई गई।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

कश्मीर में एक और टारगेट किलिंग, राजस्थान के रहने वाले बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या –

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एक बार फिर टारगेट किलिंग का मामला सामने आया है। इस बार आतंकियों ने एक बैंक मैनेजर को अपना निशाना बनाया और उसकी हत्या कर दी।

बैंक मैनेजर का नाम विजय कुमार है और वह राजस्थान के रहने वाले हैं। इससे पहले सांबा की रहने वाली एक टीचर रजनी बाला की कुलगाम में हत्या कर दी गई थी। बीते तीन दिन में ये दूसरी घटना है।

केजरीवाल का आरोप- सत्येंद्र जैन के बाद मनीष सिसोदिया को भी झूठे केस में जेल भेजना चाहता है केंद्र

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर पलटवार किया है। साथ ही नया आरोप लगाया है कि अब केंद्र सरकार डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को झूठे केस में फंसाना चाहती है।

इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि अगर मनीष और सत्येंद्र भ्रष्ट हैं तो ईमानदार कौन हैं। मेरी पीएम मोदी से विनती है कि एक-एक के बजाय सभी को एक साथ अरेस्ट करवा दीजिए।

एक एक केस को कई कई साल तक चलाने से क्या दिखाना चाहते हैं। जो करना है एक साथ कर लो, ताकि उसके बाद हम काम कर सकें। हमें अरेस्ट होने से डर नहीं लगता, लेकिन एक साथ करवा लो।

5 साल पहले भी रेड पड़वाई गई। 20 एमएलए गिरफ्तार करवाए गए। हम सब मोदी जी से ही ईमानदारी का सर्टिफिकेट लेकर आए हैं। हम एक बार फिर से सबसे देशभक्ति और ईमानदारी का सर्टिफिकेट लेकर आएंगे।

गढ़चिरौली में SRPF जवानों ने सर्विस राइफल से मारी एक-दूसरे को गोली, दोनों की मौत

गढ़ चिरौली जिले में आपसी विवाद में दो जवानों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी है। मौके पर ही दोनों जवानों की मौत हो गई है। यह दोनों SRPF (स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स) के हैं। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आपसी विवाद के चलते एक-दूसरे पर गोली चलाने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एक गाड़ी में विस्फोट, 3 जवान घायल –

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एक वाहन में विस्फोट हो गया। इस धमाके में 3 जवान घायल हो गए हैं। आईजी कश्मीर ने बताया कि धमाका सेडो में किराए के एक निजी वाहन में हुआ। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन में बम लगाया गया था या बैटरी की खराबी से धमाका हुआ है, इसकी जांच की जा रही है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में सिपाही बनकर काम करूंगा- हार्दिक पटेल

हार्दिक पटेल आज सुबह 11 बजे भाजपा में शामिल होंगे। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘राष्ट्रहित, प्रदेशहित, जनहित और समाज हित की भावनाओं के साथ आज से नए अध्याय का प्रारंभ करने जा रहा हूं। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र भाई मोदी जी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्र सेवा के भगीरथ कार्य में छोटा सा सिपाही बनकर काम करूंगा।’

विशाखापट्टनम में शिपिंग कंपनी के गोदाम में लगी आग –

विशाखापट्टनम में एक शिपिंग कंपनी के गोदाम में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। न्यू पोर्ट पुलिस ने बताया कि घटना में 7 लोग घायल हो गए। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विदेशी नागरिकों ने 4 लोगों पर ब्लेड से हमला किया –

मुंबई में एक विदेशी नागरिक ने 4 लोगों पर ब्लेड से हमला किया है। मुंबई पुलिस ने बताया कि घटना बॉम्बे हाई कोर्ट के पास हुई। हमले में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

नेशनल हेराल्ड केस में ईडी ने राहुल गांधी को आज पूछताछ के लिए बुलाया –

प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को समन भेजा है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग केस (अंडर सेक्शन 50 एक्ट) में राहुल को 2 जून यानी आज और सोनिया को 8 जून को पूछताछ के लिए बुलाया है।

सूत्रों के मुताबिक राहुल ने बाहर होने का हवाला देकर 5 जून तक का वक्त मांगा है, जबकि सोनिया 8 जून को पूछताछ में शामिल होंगी। एजेंसी ने नेशनल हेराल्ड केस की जांच में दोनों नेताओं को शामिल होने को कहा है।

इस केस में ईडी ने कांग्रेस के 2 बड़े नेता पवन बंसल और मल्लिकार्जुन खड़गे को बीते 12 अप्रैल को जांच में शामिल किया था। 2014 में सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया और राहुल के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसमें स्वामी ने गांधी परिवार पर 55 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप लगाया था।

J&K के LG मनोज सिन्हा के साथ 3 जून को गृह मंत्री शाह की बैठक –

जम्मू-कश्मीर में कश्मीरी पंडितों की हत्या का मामला गर्म है। 3 जून को इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा संग बैठक करेंगे। इस बैठक में एनएसए डोभाल, जम्मू-कश्मीर के डीजीपी और गृह मंत्रालय के कई अधिकारी भी शामिल होंगे।

मणिपुर में 14 आतंकियों ने किया आत्मसमर्पण –

मणिपुर में यूनाइटेड ट्राइबल लिबरेशन आर्मी (UTLA) के जेम्स गुट के 14 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। उग्रवादियों ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के सामने हथियार डाल दिए। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में उग्रवादी समूह तोनथांग सिंगसिट का अध्यक्ष भी शामिल है।

ममता बनर्जी ने भाजपा की तुलना गिद्धों से की –

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को भाजपा की तुलना गिद्धों से की। उन्होंने कहा, एनडीए के नेतृत्व वाली सरकार ने नोटबंदी जैसे बेतुके फैसले लिए हैं, जिसने अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी और बेरोजगारी में इजाफा हुआ है।

भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस बयान की निंदा की है। भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान उनकी मानसिकता दर्शाता है।



Related