कर्नाटक चुनाव का ऐलान: 10 मई को मतदान और 13 को परिणाम


कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के अलावा आम आदमी पार्टी भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने बुधवार को कर्नाटक विधानसभा के चुनावों की तारीख का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि राज्य में 10 मई को सभी 224 सीटों पर मतदान किया जाएगा और उसके नतीजे 3 दिनों बाद यानी 13 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयुक्त ने बताया कि आने वाली 24 मई को मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

चुनावों की घोषणा के साथ ही राज्य में आचार संहिता लागू हो चुकी है। राज्य में कांग्रेस और भाजपा दो अहम दल हैं। सभी प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवारों के नाम तय करने की आशा तैयारी शुरू कर दी है।

कांग्रेस ने हालही में 25 मार्च को 124 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया वरुणा से चुनाव लड़ेंगे और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार कनकपुरा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी भी यहां सभी सीटों पर चुनाव लडने जा रही है। पार्टी ने अपने 80 उम्मेदीवारों की घोषणा पिछले दिनों की थी।

कर्नाटक चुनाव के बारे में जानकारी देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि चुनाव में धन बल के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए हम कर्नाटक में आयोग अपनी टीम को मजबूत कर रहा है। इसके लिए 2400 स्टेटिक सर्विलांस टीमें कड़ी निगरानी रखेंगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव के लिए राज्य में 58,282 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। कर्नाटक में पहली बार के मतदाताओं में 2018-19 से 9.17 लाख की बढ़ोत्तरी हुई है।

बीते विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक में 104 सीटें जीती थीं लेकिन इसके बावजूद भी पार्टी के पास बहुमत के आंकड़े से 9 सीटें कम थी। ऐसे में 80 सीटें पाने वाली कांग्रेस और 37 सीटें पाने वाली जीडएस ने गठबंधन की सरकार बनाई। हालांकि यह सरकार 14 महीने में ही गिर गई और दोनों ही पार्टियों के कई नेता भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद येदयुरप्पा को मुख्यमंत्री बनाया गया लेकिन दो साल बाद उन्होंने भी इस्तीफा दे दिया और अब कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में बसवराज बोम्मई सत्तासीन हैं।



Related