छत्तीसगढ़: टीएस सिंहदेव का पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री के पद से इस्तीफा


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यह इस्तीफा स्वीकार करते हैं अथवा नहीं यह तो बाद की बात है, लेकिन इस्तीफे से सरकार और संगठन में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि इसकी सूचना केंद्रीय नेतृत्व को भी भेज दी गई है।


DeshGaon
छत्तीसगढ़ Published On :
ts-singhdeo
टीएस सिंहदेव, वित्तमंत्री, छत्तीसगढ़


रायपुर। छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ नेता और मंत्री टीएस सिंहदेव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भेज दिया है। हालांकि, सिंहदेव स्वास्थ्य और वाणिज्यिक कर विभाग में मंत्री की जिम्मेदारी पर बने रहेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि जिस तरह की चीजें चल रही थीं, यह तो एक दिन होना ही था। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से इस्तीफा भेज दिया है। सिंहदेव के इस फैसले से सरकार के अंदर चल रही खींचतान सड़क पर आ गई है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यह इस्तीफा स्वीकार करते हैं अथवा नहीं यह तो बाद की बात है, लेकिन इस्तीफे से सरकार और संगठन में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि इसकी सूचना केंद्रीय नेतृत्व को भी भेज दी गई है।

टीएस सिंहदेव ने इस्तीफा अपने विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर से भेजा है। टीएस सिंहदेव कांग्रेस सरकार के आधार स्तंभों में से हैं। 17 दिसम्बर 2018 को उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही मंत्री पद की शपथ ली थी।

उस दिन मुख्यमंत्री ने केवल दो मंत्रियों टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू के साथ कैबिनेट का गठन कर सरकार की औपचारिक शुरुआत की थी।

किसानों की कर्जमाफी और 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का ऐतिहासिक फैसला भी इन्हीं तीन लोगों ने मिलकर किया था। बाद में टीएस सिंहदेव के पोर्टफोलियो में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वाणिज्यिक कर (GST) और 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग को शामिल किया गया।

सिंहदेव के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री के पद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने फोन बंद कर लिया है। वहीं, एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि अब संगठन इस मामले में क्या ही बोलेगा।

वहीं भाजपा ने इसे मौके के रूप में लपक लिया है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि टीएस सिंहदेव जी ने अपने एक मंत्रालय से इस्तीफा किन कारणों से दिया है वो सब जानते हैं। इससे तो साफ है कि कांग्रेस के भीतरखाने कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है।

इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों बन रही है।



Related






ताज़ा खबरें