कांग्रेसियों ने फिर बढ़ाया भाजपा का कुनबा, नई विधानसभा में कमलेश शाह बने दल बदलने वाले पहले विधायक


दमोह और कटनी के कई कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।


DeshGaon
लोकसभा चुनाव 2024 Published On :

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेसी खेमे पर भारतीय जनता पार्टी पर हमले जारी हैं और ये हमले कांग्रेस को तोड़ने के लिए किए जा रहे हैं, उनके सदस्यों को अपनी ओर लाकर। इस बार कांग्रेस में फिर टूट हुई है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के छिंदवाड़ा में कांग्रेस विधायक कमलेश प्रताप सिंह अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के द्वारा कांग्रेसी गढ़ में सेंधमारी के औपचारिक रूप से मान्य किए गए अभियान के बाद  यह पहली बार हो रहा है जब मौजूदा विधानसभा के विधायक ने अपना पाला बदला है। हालांकि पिछली विधानसभा में ऐसा होना कई नई बात नहीं थी।

कमलेश प्रताप शाह ने सीएम हाउस में भाजपा की सदस्यता ली है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। तीन बार के विधायक शाह ने साथ अपनी पत्नी हरई नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष माधवी शाह, बहन जिला पंचायत सदस्य केसर नेताम भी भाजपा में शामिल हुई हैं।  इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज पूरा प्रदेश मोदीमय है। जिनकी तीन पीढ़ियां विधायक रह चुकी हैं, वह आज कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हो गए हैं। कमलेश शाह ने बीजेपी की सदस्यता ली है। कमलनाथ के व्यवहार के कारण वह बीजेपी में शामिल हुए। छिंदवाड़ा में गड़बड़ है और उसके उदाहरण निकालकर सामने आ रहे हैं।

इस दौरान मंत्री प्रह्लाद पटेल के साथ भी उनके पुराने संसदीय क्षेत्र रहे दमोह और इसके पड़ोसी जिले कटनी कई नेता कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। इनमें रंजीता पटेल भी हैं जिनका नाम लोकसभा प्रत्याशी के तौर पर कांग्रेस से आगे चल रहा था लेकिन जब कांग्रेस ने तरवर सिंह लोधी के नाम की घोषणा की तो रंजीता पटेल के लिए स्थितियां बदल गईं। उनके अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल,  हटा जनपद अध्यक्ष अनुष्का राय, पूर्व को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष गौरव पटेल, हटा के पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष  संदीप राय, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बद्री व्यास एवं कटनी जिले के बहोरीबंद के पूर्व जनपद अध्यक्ष शंकर महतो, जनपद अध्यक्ष लालकमल बंसल, सरपंच ब्रजेश गुप्ता, पूर्व सरपंच गोविंद पटेल, शिवप्रसाद पटेल, जनपद सदस्य शरमन लाल चौधरी, पुष्पा कुसुम दुबे, प्रीतम गोटिया, आम आदमी पार्टी के अजय सिंह लोधी सहित दमोह एवं कटनी जिले के 150 से अधिक सरपंच, जनपद सदस्य, पूर्व सरपंच व कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ले ली।

कमलेश शाह के भाजपा में शामिल होने पर मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि वे बहुत प्रतिष्ठित परिवार से हैं और तीसरी बार के विधायक हैं। प्रधानमंत्री की कार्य प्रणाली से प्रभावित होकर वे भारतीय जनता पार्टी में आए हैं। उनका हृदय से स्वागत है। मैं उनको बधाई देता हूं।

 



Related