भारत जोड़ो यात्रा: बालमुकुंद गौतम बदनावर में सक्रिय तो धार में कुलदीप सिंह बुंदेला मजबूत कर रहे अपनी जमीन


धार विधानसभा को पैदल नापेंगे कांग्रेस प्रदेश महासचिव कुलदीप सिंह बुंदेला, धार से महू तक निकलने वाली यात्रा का शुभारंभ आज। दोनों को एक करने के हुए थे दावे, फ्लैक्स से लेकर कार्यक्रम में दिख रही है दूरियां।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
bharat jodo yatra dhar

धार। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मप्र में तैयारियों का दौर जारी है और बुरहानपुर से यात्रा प्रदेश में प्रवेश करने जा रही है।

इस कारण हर विधानसभा से उपयात्राएं निकाली जा रही है जो मुख्य यात्रा में शामिल होंगी। इसमें सबसे ज्यादा नजरें मालवा-निमाड़ा की उपयात्राओं पर हैं। इसकी वजह यह है कि मालवा-निमाड़ा कांग्रेस का गढ़ माना जाता है।

धार विधानसभा में भी भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तैयारियों का दौर जारी है, लेकिन इस बार तैयारियां करने में कांग्रेस प्रदेश महासचिव कुलदीप सिंह बुंदेला भी सक्रिय नजर आ रहे हैं।

इसके तहत 23 नवंबर से बुंदेला की धार के कांग्रेस कार्यालय बस स्टैंड से यात्रा निकाली जा रही है, जो धार विधानसभा में होते हुए महू पहुंचेगी। महू में बुंदेला की उपयात्रा मुख्य यात्रा के साथ शामिल हो जाएगी।

बताया जा रहा है कि बुंदेला की यह यात्रा धार विधानसभा के अधिकांश बड़े-बड़े गांवों को कवर करेगी। इसमें बुंदेला समर्थकों के साथ कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज जोड़ने की कवायद की जा रही है।

यह है कार्यक्रम –

भारत जोड़ो यात्रा के सूत्रधार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आगमन महू में होने जा रहा है। यात्रा के स्वागत के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह बुंदेला के नेतृत्व में धार जिला कांग्रेस कार्यालय बस स्टैंड धार से सुबह 10 बजे भारत जोड़ो यात्रा की उपयात्रा प्रारंभ होगी।

यह उप यात्रा धार के प्रमुख मार्गों से पैदल होते हुए देलमी, धरावरा, देदला, रानीपुरा, गुलवा, रत्वा, दिग्ठान, शिपराज, चंबलबरोदा, अचाना, सुहागपुर, सागौर, खेड़ा, जमोदी, खंडवा, अकोलिया, पीथमपुर होते हुए 26 नवंबर को शाम 4 बजे महू पहुंचेगी।

उपयात्रा को धार बस स्टैंड कार्यालय से नपाध्यक्ष पर्वत सिंह चौहान, सत्यशील राव पंवार, यात्रा प्रभारी राजेश चौधरी, नारायण सिंह गरासिया, अशोक तिवारी, भेरूसिंह मुकाती अकोलिया, कृष्णकांत पटेल तिरला, महेंद्र धोका, हाजी निसार अहमद, सुशील लुहाड़िया, कुलदीप सिंह डंग, विष्णु राठौड़, पूर्व नपाध्यक्ष माया तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार पुष्पा शर्मा, पार्षद मजहर हुसैन, पूर्व पार्षद मोहन पटेल हरी झंडी दिखाकर कर महू के लिए रवाना करेंगे।

दोनों गुटों में है दूरियां –

dhar congress poster

ध्यान रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालमुकुंद सिंह गौतम और प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह बुंदेला के बीच दूरियां जगजाहिर हैं। हाल ही में धार आए केंद्रीय पर्यवेक्षक ने दोनों गुटों की दूरियां खत्म करवाकर एक जाजम पर लाने का प्रयास किया था।

इसके बाद भी उपयात्राओं में दोनों गुटों में दूरियां देखने को मिल रही हैं। फ्लैक्स से लेकर शहर में निकली यात्रा में दोनों एक-दूसरे के कार्यक्रम से नदारद रहे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौतम इन दिनों बदनावर में चुनावी तैयारियां कर रहे हैं। इस कारण बुंदेला धार में अपनी जमीन मजबूत कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव में बुंदेला के चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर हैं।



Related






ताज़ा खबरें