मध्यप्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में सुंदरकांड-रुद्राभिषेक कराएगी कांग्रेस, भाजपा ने बताया – सीताहरण जैसी कोशिश


मध्यप्रदेश में अब कांग्रेस पार्टी 230 विधानसभा क्षेत्रों में सुंदरकांड और रुद्राभिषेक करवाएगी। हालांकि, भाजपा पर इस पर हमला बोलते हुए इसे सीताहरण जैसी कोशिश बताया है।


DeshGaon
राजनीति Published On :
mp congress soft hindutva

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में जीत के लिए एमपी कांग्रेस ने नया धार्मिक प्रयोग शुरू किया है और एक तरह से सॉफ्ट हिंदुत्व के रास्ते पर चल पड़ी है।

मध्यप्रदेश में अब कांग्रेस पार्टी 230 विधानसभा क्षेत्रों में सुंदरकांड और रुद्राभिषेक करवाएगी। हालांकि, भाजपा पर इस पर हमला बोलते हुए इसे सीताहरण जैसी कोशिश बताया है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस धर्म एवं उत्सव प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ऋचा गोस्वामी ने मीडिया को जानकारी दी कि दो साल पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस प्रकोष्ठ की स्थापना की थी।

गोस्वामी के मुताबिक, पहली बार किसी राजनीतिक दल ने धर्म को इंगित करते हुए किसी प्रकोष्ठ का गठन किया था और प्रकोष्ठ ने दो साल में करीब 30 से ज्यादा बड़े धार्मिक आयोजन किए हैं जिसके तहत भागवत कथा, रासलीला और शिवपुराण जैसे आयोजन किए गए हैं।

ऋचा गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि

हम प्रदेश की सभी 230 विधानसभाओं में 108 सुंदरकांड के पाठ करवाएंगे। साथ में रुद्राभिषेक के आयोजन भी किए जाएंगे। जगह-जगह रासलीला, भागवत कथाएं करवाई जाएंगी। इसका उद्देश्य है कि कोई भी पार्टी धार्मिक नहीं होती। उस पार्टी में जो लोग हैं, वह धर्म का अनुसरण करते हैं। हर पार्टी में हर धर्म का व्यक्ति होती है। कांग्रेस में भी वैदिक सनातन धर्मावलंबी हैं।

एमपी कांग्रेस धर्म व उत्सव प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ऋचा गोस्वामी के मुताबिक, प्रकोष्ठ का उद्देश्य लोगों को सनातन धर्म का अनुसरण करने, उनका मार्गदर्शन करना है। धर्म आडंबर विहीन हो। इसमें अनुष्ठानों का विशेष ध्यान रखा जाए। इन सबको ध्यान में रखते हुए यह प्रकोष्ठ पिछले दो साल से कार्यरत है। हमने नारी सम्मान योजना की जिस दिन लॉन्चिंग थी। उसी दिन परासिया छिंदवाड़ा से इसकी शुरुआत कर दी है।

दूसरी तरफ, कांग्रेस के इस कदम पर भाजपा प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने हमला बोलते हुए कहा कि

हनुमान चालीसा का पाठ करने से संकट मिटते हैं, लेकिन सिर्फ चुनाव के समय सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ करना, इसमें कहीं न कहीं कांग्रेस की छद्म हिन्दुत्व की बात सामने आती है। ये उस रोल में दिखते हैं, जिस रोल में रावण ने सीता मैया का हरण करने के लिए साधु का वेश धरा था। ऐसे ही मप्र की जनता की भावनाओं के साथ खेलकर ये लोग सत्ता में आना चाहते हैं। अगर इन्हें सुंदरकांड करना है, तो 12 महीने 21 घड़ी क्यों नहीं करते हैं? चुनाव के समय किए गए सुंदरकांड पर हमारी आपत्ति है।

बता दें कि मध्यप्रदेश की आगामी विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी के 150 सीटें जीतने के दावे ने भी कांग्रेस पार्टी व कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है।

हालांकि, राहुल गांधी के इस दावे पर भाजपा के नेता चुटकी लेने से बाज नहीं आ रहे हैं। सीएम शिवरजा के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि कांग्रेस को 50 सीटें मिल जाएं, वो बहुत हैं। राहुल गांधी ने 2018 के चुनाव में भी जनता से किसान कर्ज माफी जैसे तमाम दावे किए थे, उनका क्या हुआ सबको पता है, इसलिए प्रदेश की जनता राहुल गांधी के वादों और दावों पर भरोसा नहीं करती।



Related






ताज़ा खबरें