कांग्रेस के ट्वीट ने खोल दी केंद्रीय मंत्री सिंधिया की घोषणा की पोल


सिंधिया के तमाम सर्मथक नेता और प्रदेश सरकार में मंत्री मध्यप्रदेश को यह सौगात देने के लिए उनका धन्यवाद करने लगे और सिंधिया भी इसे स्वीकार करते रहे।


DeshGaon
राजनीति Published On :

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम ख़ासी सक्रिय है। इस बार कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर अब नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की हालिया घोषणा पर हमला बोला है। सिंधिया ने 11 जुलाई, रविवार को ही प्रदेश में आठ नई उड़ानों की घोषणा की है। उन्होंने यह जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर दी है।

इस पर कांग्रेस ने  हवाई उड़ानों का संचालन करने वाली कंपनी स्पाइस जेट और मीडिया संस्थानों के ट्विटर हैंडल पर की गईं कुछ पुरानी घोषणाएं साझा की हैं। जिनके मुताबिक इन उड़ानों को लेकर घोषणाएं पहले ही हो चुकी थीं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लेकिन सिंधिया अपने मंत्री बनने के बाद इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

दरअसल, सिंधिया ने रविवार को ही ट्वीट कर मध्यप्रदेश को खुशखबरी की बात कही थी और बताया था कि कैसे उनका मंत्रालय प्रदेश में घरेलू उड़ानों के संचालन को मजबूत कर रहा है।

इसके बाद सिंधिया के तमाम सर्मथक नेता और प्रदेश सरकार में मंत्री मध्यप्रदेश को यह सौगात देने के लिए उनका धन्यवाद करने लगे और सिंधिया भी इसे स्वीकार करते रहे। इस बीच कांग्रेस के इस एक ट्वीट इस खुशी का मज़ा कुछ किरकिरा कर दिया है। हालांकि यह भी सही है कि सिंधिया अपने मंत्री बनने से काफी पहले घरेलू उड़ानों को बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के उड़ान प्रोजेक्ट के तहत देशभर में घरेलू उड़ानों का तंत्र मजबूत करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। मध्यप्रदेश को मिले नए हवाई रुट भी इसी का हिस्सा हैं।

 



Related