जबलपुर में प्रियंका गांधी को सुनने के लिए उमड़ी भीड़, गिनाईं कांग्रेस की छह गारंटियां


प्रियंका ने की बेरोजगारी, भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर शिवराज सरकार की आलोचना


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। मप्र में विधानसभा चुनावों का औपचारिक आगाज़ हो चुका है। संस्कारधानी जबलपुर में कांग्रेस की ओर से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रैली की जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

इस कार्यक्रम को विजय शंखनाद का नाम दिया गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता मौजूद रहे। यहां प्रियंका ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।

यहां भी कमलनाथ ही सबसे अहम रहे और एक तरह से यह संदेश दिया गया कि कांग्रेस अगर जीतती है तो कमलनाथ ही मुख्यमंत्री होंगे। इस कार्यक्रम में प्रियंका ने कांग्रेस पार्टी की ओर से छह गारंटियां भी लागू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर यह गारंटियां तुरंत लागू की जाएंगी।

कार्यक्रम से पहले प्रियंका गांधी ने जबलपुर के ग्वारीघाट में नर्मदा आरती में भाग लिया और रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस सभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनना तय है। भारतीय जनता पार्टी प्रचार माध्यमों के सहारे झूठी सूचनाएं और झूठी खुशफहमियां लोगों के बीच फैलाने की कोशिश करती है लेकिन जनता प्रदेश की सच्चाई को जानती है। मध्यप्रदेश में महंगाई बेरोजगारी और गरीबी चरम पर है।

प्रियंका गांधी बेरोजगारी पर भी बोलीं। उन्होंने कहा कि मुझे जानकर आश्चर्य हुआ शिवराज सिंह चौहान ने अपने कार्यकाल में सिर्फ 21 लोगों को नौकरी दी। प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। डंपर घोटाला, व्यापम घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, नर्सिंग घोटाला, पोषण आहार घोटाला, इस सरकार की पहचान बन गई है।

प्रियंका ने कहा कि मोदी जी ने कर्नाटक में गालियों की लिस्ट दिखाई थी लेकिन मध्यप्रदेश में शिवराज जी की घोटालों की लिस्ट मोदी जी की लिस्ट से भी बड़ी है।

इसके बाद उन्होंने महाकाल महालोक में हुए भ्रष्टाचार की बात भी की। उन्होंने कहा कि  मुझे महाकाल के एक पुजारी जी ने जब वीडियो भेजा कि हवा चलने से महाकाल लोक में मूर्तियां गिर गई हैं तब मुझे समझ आया कि यह भगवान के नाम पर भी घोटाला करने से नहीं चूकते।

कांग्रेस की ओर से उन्होंने छह गारंटियां गिनाईं। इनमें महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने, 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने और 200 यूनिट बिजली के उपयोग पर बिल आधा कर दिया जाएगा। इसके अलावा किसानों की कर्ज माफी और पुरानी पेंशन योजना लागू करने का भी ऐलान किया गया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज को तोड़ने की कोशिश कर रही है और लोगों में आपस में झगड़ा करा रही है। जबलपुर मध्य प्रदेश की संस्कारधानी है और यहां की जनता जानती है कि कौन सच की तरफ है और कौन झूठे वादे करता है।

इस मौके पर  पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीसीसी प्रमुख कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने मध्य प्रदेश के विकास को रोक दिया है और सिर्फ झूठी घोषणाएं की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि झूठ बोलने में मैं शिवराज जी का मुकाबला नहीं कर सकता, घोषणा करने में शिवराज जी का मुकाबला नहीं कर सकता और भाषणबाजी में शिवराज जी का मुकाबला नहीं कर सकता सकता हूं, लेकिन सच्चाई के मामले में मैं शिवराज सिंह को हरा सकता हूं। मध्यप्रदेश की जनता सच्चाई का साथ देगी और 5 महीने बाद मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का झंडा लहराएगा।

इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, जबलपुर के स्थानीय विधाक लखन घनघोरिया, विनय सक्सेना, तरुण भनोत, संजय यादव और जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह आदि मौजूद थे।



Related