जबलपुरः चुनावी शंखनाद रैली में प्रियंका गांधी ने कहा- मध्यप्रदेश में धन-बल से जनादेश को कुचला, 18 साल से हो रहा है शोषण

DeshGaon
राजनीति Published On :
Priyanka Gandhi vijay shankhnaad rally

जबलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मां नर्मदा के जयकारे के साथ जबलपुर में चुनावी शंखनाद रैली में अपने भाषण की शुरुआत की। प्रियंका ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है।

आपका इस्तेमाल हो रहा है। आपका शोषण हो रहा है। धन-बल से जनादेश को कुचला जाता है। पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली। आपका कुछ फायदा होता तो समझ में आता।

प्रियंका ने महाकाल लोक में भ्रष्टाचार का मसला भी उठाया और कहा कि इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़ा। एक पुजारी ने मुझे वीडियो भेजा। हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। इन्होंने भगवान को भी नहीं छोड़ा। 225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं। तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला किया है।

प्रियंका ने कहा कि आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने आते ही बिल पास कर दिया।

1. हर महीने महिलाओं को 1500 रुपये दिए जाएंगे।
2. गैस सिलेंडर 500 रुपये का मिलेगा।
3. 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट का आधा बिल आएगा।
4. मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। कर्मचारियों का दर्द हम समझते हैं। आप देखिए इन्होंने क्या नहीं किया। आर्मी में भी इन्होंने 4 साल का सिस्टम करवा दिया है।
5. किसान कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री व पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रियंका गांधी ने यहां आने से पहले नर्मदा पूजन की शर्त रखी थी। संस्कारधानी जबलपुर आकर मुझे जवानी के दिनों की याद आती है। यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया है। हमारे संस्कार दिल और रिश्ते जोड़ने के हैं। हमारे देश के अलावा किसी देश में इतने धर्म, जातियां, देवी-देवता, त्योहार नहीं हैं। जोड़ने की संस्कृति की राजधानी जबलपुर है।

मैं हिंदू हूं, गर्व से कहता हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। 15 साल बाद दिसंबर 2018 में आपने कांग्रेस की सरकार चुनी। शिवराज सिंह ने हमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचार में नंबर-1 प्रदेश सौंपा। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। मैंने कहा कि मुझे कुर्सी नहीं चाहिए, मैंने सौदा नहीं किया।

कर्नाटक में जीत के बाद कांग्रेस ने अब मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर पहुंचीं और ग्वरीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की पूजा-आरती की।

उसके बाद भंवरताल गार्डन पहुंचीं, जहां रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। प्रियंका वाड्रा भंवरताल गार्डन में रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद लोक नृत्य कलाकारों से मिलीं उसके बाद आदिवासी नेताओं से उन्होंने हालचाल पूछा और गोल बाजार के लिए रवाना हुईं। जबलपुर में मध्यप्रदेश में कांग्रेस के चुनाव अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर कमल नाथ को गदा भेंट किया गया।



Related