जीत और सीएम चेहरे को लेकर दिग्विजय सिंह का साफ़ जवाब, हमारे पर केवल कमलनाथ


दिग्विजय सिंह इन दिनों लगातार चुनावी तैयारियों के लिए दौरे कर रहे हैं।


DeshGaon
राजनीति Published On :

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अब बस कुछ ही महीनों की दूरी पर हैं। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरे को लेकर अब तक कोई साफ़ संकेत नहीं आ रहे हैं तो कांग्रेस कमलनाथ का नाम लेकर लगातार आगे बढ़ रही है। पार्टी के सभी नेता एक सुर में नए मुख्यमंत्री के रूप में उनका नाम ले रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने चुनावी कार्यक्रम में खासे सक्रिय हैं। सोमवार से वे विदिशा से होते हुए बुंदेलखंड के जिलों में दौरे के लिए निकले। विदिशा जिले की कुरवाई विधानसभा में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से बात की और पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।

यहां दिग्विजय सिंह ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि हमें 116 सीटों की जरुरत है और हम इससे ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे। यहां सीएम का चेहरे को लेकर पूछे गए दूसरे सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे पास सिर्फ एक ही चेहरा है, “कमलनाथ”।

इसके अलावा एक दूसरे सवाल जो दिग्विजय सिंह से मोदी के विकल्प को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा  कि 2024 में मोदी का विकल्प कौन होगा? इस सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि हमारे यहां संसदीय प्रणाली है। संसदीय प्रणाली के पार्टी की जीत होती है व्यक्ति नहीं।

दिग्विजय सिंह का यह स्पष्ट संकेत पार्टी के लिए अच्छा साबित हो रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को वे सीधे मैसेज दे रहे हैं कि नेतृत्व को लेकर फिलहाल कोई लड़ाई नहीं है और अब बस चुनाव जीतने पर मेहनत करनी है।

 

 

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज से पांच दिवसीय महाकौशल और बुंदेलखंड के दौरे पर हैं। सिंह के इस दौरे का उद्देश्य पार्टी को स्थानीय स्तर पर मजबूत करना है और नेताओं के मतभेदों को दूर करना है। मध्य प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी के लिए पार्टी जहां कमजोर है, वहां सिंह स्वयं जाकर कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह दिग्विजय सिंह शमशाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के मंडलम-सेक्टर कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

दिग्विजय सिंह ने यहां मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, ‘पीसीसी चीफ कमलनाथ के निर्देशानुसार मैं हर विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर-मंडलम कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर रहा हूं। हम उन्हें अपनी बात कहने का मौका दे रहे हैं। हमारे कांग्रेस के जितने भी सदस्य हैं हम सभी से राय मशविरा ले रहे हैं कि कैसे इस क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी चुनाव जीते। ये मीटिंग सिर्फ कांग्रेस पार्टी के भीतर एक दूसरे की आलोचना के लिए ही नहीं है।

पत्रकारों के द्वारा हिंदू राष्ट्र के सवाल पर सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं से मेरा एक ही प्रश्न है की भारतीय संविधान में उनका भरोसा है या नहीं है? अगर भरोसा नहीं है तो बीजेपी के सारे नेता जो संवैधानिक पदों पर आसीन हैं वो अपना इस्तीफा दें। सिंह ने इस दौरान महिलाओं की वेशभूषा को लेकर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कहा कि उन्हें माफी मांगना चाहिए।

शिवराज सरकार की लाडली लक्ष्मी योजना पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘मध्य प्रदेश में भाजपा 2003 से सत्ता में हैं। आज 2023 है। 15 महीने की कमलनाथ सरकार को हटा दें तो अबतक साढ़े 18 साल में शिवराज सिंह चौहान को लाडली बहना की याद नहीं आई। दरअसल, ये केवल चुनावी स्टंट है। इन्होंने कितने वादे नहीं किए। लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा ने सभी जगह लूटपाट मचा रखी है। मैं उनके खिलाफ चार्जशीट तैयार कर रहा हूं।’



Related