भाजपा को समर्थन दे रहे पुराने कांग्रेसी शेरा बने भारत जोड़ो यात्रा के प्रभारी, दिलचस्प हो रही निमाड़ की राजनीति


कमलनाथ ने कहा कि खुद अरुण यादव चाहते हैं कि शेरा संभालें बुरहानपुर में भारत जोड़ो यात्रा की जिम्मेदारी


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में चौकाने वाले कुछ एक फैसले हो चुके हैं और अब एक और फैसला लोगों को अचरज में डाले हुए है। यह फैसला प्रदेश कांग्रेस ने लिया है जिसके मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में 1 जिले की जिम्मेदारी एक ऐसे विधायक को दी गई है जिन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का समर्थन किया था।

इस कदम को निमाड़ की राजनीति में अरुण यादव के खिलाफ देखा जा रहा है लेकिन पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा है कि खुद अरुण यादव ने ही शेरा को प्रभारी बनाने के लिए कहा था।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर की देर शाम बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में प्रवेश करने जा रही है। इसके लिए बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा को बुरहानपुर-खंडवा चरण की व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है।

इसके लिए शेरा को बाकायदा संगठन की ओर से एक पत्र जारी कर व्यवस्था का जिम्मा संभालने को कहा गया है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शेरा को पार्टी के संगठनात्मक उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर के हस्ताक्षर वाले पत्र में कहा गया है कि उन्हें  कमलनाथ के निर्देश पर 20-23 नवंबर तक बुरहानपुर और खंडवा में भारत जोड़ो यात्रा की सभी व्यवस्थाओं का प्रभारी बनाया गया है।

गृह मंत्री और भाजपा के नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इस बारे में कहा कि  “हे नाथ, यदुवंशियों (यादवों) के प्रति इतनी नफरत क्यों?” बुरहानपुर जिले में दो विधानसभा सीटें हैं लेकिन कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है।

ऐसे में अब निमाड़ की सियासत फिर कुछ दिलचस्प नजर आ रही है क्योंकि यहां से कई विधायकों ने कांग्रेस का साथ छोड़ा था और यह कहा जा रहा है कि राहुल गांधी की यह यात्रा कांग्रेसियों को भी जोड़ रही है।



Related