इंदौर और धार की सभाओं में प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला

DeshGaon
राजनीति Updated On :

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को धार के कुक्षी और इंदौर में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचीं। यहां उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका के भाषण में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के वायरल हो रहे वीडियो का भी जिक्र आया। उन्होंने इसके अलावा रोजगार, महंगाई और जनता को प्रभावित करने वालीं केंद्र की नीतियों पर भी सरकार की आलोचना की। इन सभाओं में प्रियंका ने कांग्रेस की गारंटियों को भी दोहराया।

प्रियंका ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है, बड़े-बड़े महल बन रहे हैं, अभी कल कृषि मंत्री के बेटे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे सैकड़ों करोड़ रूपये की लेनदेन की बात कर रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि मोदी जी के उद्योगपति मित्र अडानी एक दिन में 1600 करोड़ कमा रहे हैं और किसान मात्र 27 रुपए कमा रहा है। भाजपा की जितनी भी घोषणा की जा रही है वह पूरी तरीके से खोखली है जबकि कांग्रेस की सरकारों ने हमेशा आपके अधिकारों को आपके हाथ में देने का काम किया है। पहले बड़ी-बड़ी सरकारी कंपनियों से रोजगार मिलते थे लेकिन आज सरकार ने सभी बड़ी कंपनियों को ही बेचने का काम किया है।

कुक्षी में प्रियंका का स्वागत

विराट की सेंचुरी के बहाने प्याज के दाम की याद 

प्रियंका ने कहा कि छोटे व्यापारियों पर GST जैसे कानून लाकर उनसे भारी टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे लगातार महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब नरेंद्र मोदी जी कहते थे कि सचिन सेंचुरी मरेगा या प्याज़। प्रियंका ने कहा कि विराट ने भी सेंचुरी मार ली है और प्याज़ ने भी अब उनकी सरकार है तो अब वो इसपर क्या बोलेंगे।

प्रियंका गांधी ने यहां कांग्रेस पार्टी की गारंटियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि हम नौजवानों को गारंटी देते हैं कि 2 लाख सरकारी पदों को जल्द भरने का काम हमारी सरकार करेगी, बेरोजगार युवाओं को 3000 रू. तक की आर्थिक मदद की जाएगी।

पढ़ो और पढ़ाओ योजना के तहत कक्षा 1 से लेकर 8 तक के बच्चों को प्रत्येक महीने 500 रूपये, 9 वीं और 10वीं के बच्चों को 1000 रूपये और 11वीं और 12वीं के बच्चों को 1500 रूपये दिए जायेंगे। आज आपकी सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और महंगाई है, प्रदेश में 90 प्रतिशत से ज्यादा पद खाली पड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज मैं शिवराजसिंह से पूछना चाहती हूं कि जब 18 साल से आपकी सरकार है तो यह पद भरे क्यों नहीं गए? प्रदेश में हर रोज 17 महिलाओं का बलात्कार हो रहा है और सरकार कोई सुरक्षा की बात नहीं करती है।

महंगाई…

प्रियंका ने कहा कि पहले जो सिलेंडर 400 रु का मिलता था वह 1200 का यह देने लगे हैं और चुनाव से पहले यह सिलेंडर को 450 करने की बात करते हैं लेकिन क्या यह सिलेंडर 450 का आपको पहले नहीं मिल सकता था? उन्होंने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री ने पिछले 18 सालों में 22000 घोषणाएं की हैं लेकिन इन्होंने 22 घोषणाएं भी अपनी पूरी नहीं की है।

किसानों की बात

उन्होंने कहा कि आज इस सरकार में किसान अपनी फसल से कुछ नहीं कमा पा रहा है और पलायन करने को मजबूर है। देश के जिस प्रदेश में भाजपा की सरकार है वहां पर गरीबों से पैसा छीनकर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दिया जा रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ में जहाँ कांग्रेस की सरकार है वहां पर आपकी संपत्ति और पैसे को वापिस आपको ही देने का काम किया जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार धान के लिए 2400 से अधिक समर्थन मूल्य दे रही है। छत्तीसगढ़ में किसानों का हाल यह है कि उनके परिवार के लोग जो दूर कमाने जाते थे वह वापिस आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्या पहले महिलाएं परेशान नहीं थी? क्या इससे पहले महंगाई नहीं थी? शिवराज ने लाड़ली बहना योजना बनाकर 3 महीने पहले लागू क्यों की? आज महिलाओं के साथ यह मजाक कर रहे है। इस बात का हमें एहसास है, मुझे पूरा विश्वास है कि आप लोग सही निर्णय लेंगे और भाजपा के नेताओं को जवाबदेह बनाएंगे।

 

 



Related