मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी की नई घोषणा, अब स्कूली बच्चों को भी हर महीने पांच सौ से पंद्रह रुपए देगी कांग्रेस सरकार


महिलाओं-आदिवासियों पर अपराध के साथ तेंदूपत्ता संग्राहकों के भी मुद्दे उठाए, छत्तीसगढ़ में विकास की दीं मिसालें


DeshGaon
राजनीति Updated On :

चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने फिर एक बड़ी घोषणा की है और यह घोषणा किसी भी तरह से लाडली बहना योजना से कमजोर नहीं है। गुरूवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंडला रैली में इसका ऐलान किया है। प्रियंका ने कहा कि एमपी में सरकार बनी तो बच्चों को पहली से 12वीं तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।

कांग्रेस ने इस नई योजना का नाम पढ़ो और पढ़ाओ योजना हाेगा। इसके तहत कक्षा पहली से आठवीं तक बच्चों को पांच सौ रुपए, नौवीं से दसवीं तक एक हजार रुपए और कक्षा 11वीं से 12वीं तक हर महीने पंद्रह सौ रुपए मिलेंगे। इसके अलावा उन्होंने आदिवासी और महिला सम्मान के साथ तेंदूपत्ता संग्राहकों से भी वादा किया। इस दौरान प्रियंका ने भाजपा सरकार को लेकर कहा कि अपने शासन के 18 साल में उन्हें आपकी याद इसी चुनावी समय पर आई है। रैली में कमलनाथ ने भी भाजपा की जमकर आलोचना की। इस रैली में  करीब तीस हजार लोग पहुंचे थे। कांग्रेस ने इसे लेकर काफी तैयारियां की थीं जो कि उनके दावे के मुताबिक रहीं।

मंडला जिले के रामनगर में प्रियंका गांधी जन आक्रोश रैली में भाग लेने के लिए आईं थीं। यहां उन्होंने आदिवासी नायकों को भी याद किया। प्रियंका ने अपने भाषण की शुरूआत में ही हर हर नर्मदे, जय बड़ादेव जी, जय सेवा, जय जोहार का नारा लगाया। उन्होंने कहा कि  ये महाकौशल की धरती है, आदिवासी संस्कृति का आंगन है, इस धरती को मेरा बहुत बहुत प्रणाम। इस दौरान उन्होंने शंकर शाह,  रघुनाथ शाह, हृदय शाह, दलपत शाह, टंट्या मामा , रानी दुर्गावती, रानी अहिल्याबाई, अवंतीबाई लोधी, और रानी फूल कुंवर को भी नमन किया।

प्रियंका ने यहां अपनी दादी इंदिरा गांधी और उनकी सरकार की नीतियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा जी ने आपको पट्टे दिलवाए, इसके पीछे उनकी भावना थी कि आपका अधिकार, आपकी शक्ति आपको मिले। सरकारों का काम है, आपकी शक्ति और अधिकार आपको सौंपना। कांग्रेस ने आपको वन अधिकार कानून दिया, जल जंगल जमीन पर अधिकार दिया, मनरेगा से ग्रामीण रोजगार दिए जिससे पलायन रुका। भाजपा ने ये अधिकार आपसे छीने, सरपंचों के अधिकार छीने, पट्टे-जमीनें आपसे छीन ली, वन अधिकार कानून खत्म किया।

रैली स्थल पर प्रियंका ने लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया

महिलाओं का मुद्दा

प्रियंका गांधी ने महिलाओं पर अपराध का मुद्दा भी उठाया उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार में पूरे देश में सबसे ज्यादा 1.5 लाख महिलाएं गायब हुई हैं, रोजाना 17 बलात्कार होते हैं, उज्जैन की घटना आपके सामने है, आदिवासी अत्याचार में प्रदेश नंबर एक पर है, ये रोजगार तो देते नहीं, महंगाई और अत्याचार बढ़ाते जा रहे हैं, तो पलायन नहीं तो और क्या होगा, आपकी इस शहीदों की धरती से? 18 साल सिर्फ लूट, घोटाला, लेकिन चुनाव आते ही धर्म की बात, इन सब बातों से आपको सावधान रहना है।

चुनावी वादे

प्रियंका ने यहां कांग्रेस के चुनावी वादों को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली मिलेगी तो 200 यूनिट पर बिल आधा हो जाएगा। प्रियंका ने कहा कि दूसरे कांग्रेस शासित राज्यों की तरह यहां भी पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी और घरेलू गैस का  सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा। इसके साथ ही महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए 5 हॉर्स पावर सिंचाई तक बिजली फ्री मिलेगी और ओबीसी वर्ग को 27 % आरक्षण दिया जाएगा। राहुल की तरह प्रियंका ने भी जातिगत जनगणना कराने का वादा किया। उन्होंने एक और वादा किया कि जहां 50% से अधिक आदिवासी हैं, उन इलाकों को छठवी अनुसूची में शामिल किया जाएगा।

तेंदूपत्ता संग्राहकों से वादा

प्रियंका ने यहां तेंदूपत्ता संग्राहकों की भी बात की। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों से कहा आप लोग मेहनत करते हैं, तेंदूपत्ता चुनते हैं, इतनी मेहनत करने के बाद जब आप उसको बेचते हैं तो उसकी सही कीमत आपको नही दी जाती, इन्होंने आपकी बोनस में भी घोटाला कर दिया, आप इंदिरा जी को इंदिरा माता कहते हैं, यह तेंदूपत्ता बोनस उन्होंने ही शुरू किया था। प्रियंका ने कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता के लिए प्रति मानक बोरा 4000 रुपए देती है, धान का बोनस भी छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा है। ये आपको छाता, जूते और चप्पल देकर उसमें भी कमीशन खाना चाहते हैं, 18 साल से क्यों नहीं दिया? आपका सम्मान ये आपको क्यों नहीं देते? कांग्रेस ने आपकी मेहनत, संस्कृति और परंपरा को सम्मान दिया, भाजपा ने आपके लिए कुछ नहीं किया, जमकर भ्रष्टाचार किया और आपको लूटा। इन संग्राहकों से प्रियंका ने वादा किया कि यहां भी तेंदूपत्ता का चार हजार रुपए प्रति मानक बोरा दिया जाएगा और यहां भी छत्तीसगढ़ की तरह पेसा कानून लागू किया जाएगा।



Related






ताज़ा खबरें