राहुल गांधी ने कहा- एमपी में 150 सीट लाएंगे, सीएम शिवराज बोले- मन बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है


अपने नेता राहुल गांधी के इस दावे पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हम उनकी बात से सहमत हैं तो वहीं, भाजपा नेता व सीएम शिवराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है।


DeshGaon
राजनीति Published On :
kamalnath and rahul gandhi

भोपाल। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश में 150 सीटें जीतेगी।

अपने नेता राहुल गांधी के इस दावे पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हम उनकी बात से सहमत हैं तो वहीं, भाजपा नेता व सीएम शिवराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है।

दूसरी तरफ, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इस पर राहुल गांधी ने चुप्पी साध ली। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मध्यप्रदेश के पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की।

बैठक के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि

बैठक में हमारी लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। कर्नाटक में जो किया, उसे हम रिपीट करने जा रहे हैं।

राहुल गांधी के इस दावे का समर्थन करते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम मध्यप्रदेश भी जीतने जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मध्यप्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर बैठक में चर्चा हुई।

कमलनाथ ने राहुल के 150 सीटें जीतने के दावे पर कहा कि

हम उनकी बात से सहमत हैं। उनके पास इनपुट है। हमने शुरुआत कर दी है। हमारी नारी सम्मान योजना है। किसानों के लिए योजना है। गैस सिलेंडर की बात है। कुछ अभी कर रहे हैं, कुछ आने वाले समय में करेंगे। सब गोलियां एक साथ नहीं चलाएंगे।

राहुल गांधी और कमलनाथ के 150 सीटें जीतने व सरकार बनाने के दावे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए कहा कि मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है। भाजपा मध्यप्रदेश में 200 से ज्यादा सीट जीतेगी। अब उनको ख्याली पुलाव पकाने हैं, तो पकाते रहें।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि

राहुल गांधी मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। वे कांग्रेस की चिंता करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में ‘अबकी बार दो सौ पार’ के संकल्प के साथ जीत का इतिहास बनाएगी।



Related






ताज़ा खबरें