लालू यादव के घर आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल होकर सीएम नीतीश ने सबको चौंकाया

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
nitish in rjd iftar party

नई दिल्ली।  राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से आयोजित इफ्तार पार्टी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिरकत कर सबको चौंका दिया। लालू यादव को बेल मिलने के बाद उनके इफ्तार में शामिल होने की खबर से बिहार में राजनीति तेज हो गई है। वहीं, इस घटना के बाद 12 दिन पहले तेज प्रताप यादव का एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें उन्होंने लिखा था- ‘इंट्री नीतीश चाचा’।

बता दें, इससे पहले अंतिम बार पांच साल पहले 2017 में मकर संक्रांति के मौके पर नीतीश कुमार राबड़ी आवास गए थे। तब वह राजद के साथ मिलकर सरकार चला रहे थे। बाद में उन्होंने नाता तोड़कर भाजपा से हाथ मिला लिया था।

बताया जा रहा है कि आयोजन की पूरी तैयारी तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने मिलकर की। इसमें बिहार के समस्त जिलों से मुस्लिम समाज के लोगों और अन्य हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया था।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

दिल्ली में सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य
दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना फिर से अनिवार्य कर दिया गया है। जो इस नियम को तोड़ेंगे उन्हें 500 रुपए जुर्माना देना होगा। हालांकि जो लोग निजी कारों में सफर कर रहे हैं उनके लिए मास्क पहनना जरूरी नहीं होगा। दिल्ली में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए फिर से मास्क पहनना जरूरी किया गया है। दिल्ली से लगे नोएडा में 100 लोगों पर मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना किया गया है। बच्चों में बढ़ते कोरोना के मामले देखते हुए दिल्ली सरकार का स्कूलों पर विशेष ध्यान है। इनके लिए आज ही नियम जारी किए गए हैं।

राजस्थान में सड़क चौड़ी करने के लिए मंदिर पर चलाया बुलडोजर, मूर्तियां कटर से काटीं
राजस्थान के अलवर में सराय गोल चक्कर में सड़क चौड़ी करने के दौरान अतिक्रमण हटाने पर विवाद शुरू हो गया है। रास्ते में आए 300 साल पुराने मंदिर पर भी बुलडोजर चलाया गया। यहां की मूर्तियों को कटर से काटा गया। इस पर भाजपा सरकार ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। भाजपा का कहना है कि विकास के नाम पर मंदिर को तोड़ना सही नहीं है। वहीं, प्रशासन ने कहा कि इस रोड से अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी था।

लालू यादव को मिली जमानत, झारखंड हाईकोर्ट ने डोरंडा केस में दी राहत
झारखंड हाईकोर्ट से लालू प्रसाद यादव को जमानत मिल चुकी है। जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की अदालत में डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में सुनवाई हुई। कोर्ट ने लालू की जमानत याचिका को मंजूरी देते हुए कहा कि वह लगभग 40 महीने जेल में गुजार चुके हैं, जो आधी सजा 30 महीने से भी ज्यादा है।

ISRO के चेयरमैन को मिली Y प्लस श्रेणी की सुरक्षा
गृह मंत्रालय ने इसरो (ISRO) के चेयरमैन एस. सोमनाथ को Y प्लस (Y+) श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। केंद्रीय खुफिया एजेंसी आईबी ( IB) द्वारा खतरे का अलर्ट दिया गया था। इसके बाद सरकार ने उनकी सुरक्षा बढ़ाई है।

कर्नाटक में हिजाब पहनकर पहुंची छात्राओं को परीक्षा देने से रोका, कॉलेज से लौटीं वापस
कर्नाटक के उडुपी में दो छात्राओं को हिजाब पहनकर परीक्षा देने से रोक दिया गया। इसके बाद दोनों छात्राओं को कॉलेज से घर भेज दिया गया। छात्राएं हिजाब पहनकर कॉलेज में एग्जाम देने पहुंची थीं।

दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में फायरिंग, पुलिसकर्मी ने चलाई गोली
दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में फायरिंग हुई है। दरअसल, कोर्ट के बाहर दो वकीलों और एक व्यक्ति के बीच झगड़ा हो गया। हाथापाई के दौरान वे रोहिणी कोर्ट के गेट नंबर 8 से अंदर घुस गए। वहां तैनात एक पुलिस कॉन्सटेबल ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस दौरान गोली चल गई।

छत्तीसगढ़ में पुलिया से टकराकर कार में लगी आग, एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गुरुवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में व्यापारी का परिवार जिंदा जल गया। हादसा तेज रफ्तार कार के पुलिया से टकराने के चलते हुआ। इसके बाद कार में आग लग गई। हादसे में पति-पत्नी सहित उनकी 3 बेटियों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर देर रात ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

श्रीनगर में एअर इंडिया की फ्लाइट में मिला चूहा
श्रीनगर में एअर इंडिया के विमान में गुरुवार रात चूहा मिला, जिस वजह से करीब 2 घंटे तक उड़ान में देरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि DGCA ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विमान के भीतर चूहा देखे जाने का यह पहला मामला है।

नक्सल प्रभावित 3 राज्यों में नाइट लैंडिंग फैसलिटी वाले 20 हेलीपैड बनाएगी CRPF
CRPF ने जानकारी दी है कि नक्सलियों से लड़ने के लिए छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 20 हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा, जिस पर रात को भी फ्लाइट लैंड कर सकेगी। आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि लैफ्ट विंग एक्सट्रीम डिविजन वाले इलाके में यह हेलीपैड बनाया गया है।

कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों की तारीखों में बदलाव नहीं होगा
कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। पार्टी नेताओं की बैठक में गुरुवार को यह फैसला लिया गया। देश भर में 31 मई 2022 तक ब्लॉक अध्यक्षों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी मेंबर्स का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद, 1 जून से लेकर 20 जुलाई 2022 तक जिलाध्यक्षों, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी के चुनाव होंगे।
वहीं, 21 जुलाई से 20 अगस्त 2022 के बीच प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी और AICC मेंबर के चुनाव कराए जाएंगे और उसके बाद 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।



Related