MP में कांग्रेस की अब तक की सबसे बड़ी रैली, कमलनाथ बोले- किसानों का कर्ज माफ कर पाप किया क्या?


केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में देपालपुर में आयोजित कांग्रेस की विशाल ट्रैक्टर रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मोदी सरकार किसान कानून के जरिये किसानों को आर्थिक रूप से और कमजोर करना चाहती है।


vinay-yadav विनय यादव
बड़ी बात Updated On :
kamalnath-tractor-rally

देपालपुर। केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में देपालपुर में आयोजित कांग्रेस की विशाल ट्रैक्टर रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मोदी सरकार किसान कानून के जरिये किसानों को आर्थिक रूप से और कमजोर करना चाहती है।

उन्होंने अपने कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि मैंने किसानों का कर्ज माफ करके कौन सा पाप किया? मैंने बिजली का बिल आधा कर कौन सा पाप किया? मैंने किसानों की फसल का उचित मूल्य दिलाने का भरसक प्रयास किया।

रैली को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ मेरी सरकार ने जो बीड़ा उठाया, वो भाजपा के लोगों को पसंद नहीं आया। किसानों के साथ उनकी सरकार के समय सही न्याय हुआ और 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया।

माफिया के खिलाफ अभियान में मेरी सरकार ने एक अलग पहचान बनाई थी। सौदेबाजी करके मेरी सरकार गिराई गई। चाहता तो मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैंने कहा कि सरकार जाए तो जाए मैं सौदेबाजी नहीं करूंगा। अब मध्यप्रदेश की पहचान सौदेबाजी की बन गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि कानून से बड़े उद्योगपतियों को मंडी का दर्जा मिल जाएगा और मंडियों का निजीकरण हो जाएगा। किसान बड़े उद्योगपतियों का गुलाम बन जाएगा। मैं मोदीजी से पूछना चाहता हूं कि कोई उद्योगपति समाजसेवा के लिए तो नहीं आएगा, इसलिए कृषि के निजीकरण को बंद कीजिए।

भाजपा वाले राष्ट्रवाद के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा उगा रहे हैं और पीछे से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा रहे हैं। आपको गुमराह और भ्रमित करने की राजनीति को पहचानिए।

मुख्यमंत्री शिवराज जब तक झूठ न बोलें, उनका खाना नहीं पचता। 15 हजार घोषणाएं अभी तक पूरी नहीं हुई। आप कमलनाथ और विशाल पटेल का साथ मत दीजिए, लेकिन आप लोग सच्चाई का साथ जरूर दीजिए। अभी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में आप लोग कांग्रेस का सहयोग करें।

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और सज्जन वर्मा ने भी रैली को संबोधित किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए क्षेत्रीय विधायक विशाल पटेल को धन्यवाद भी दिया। रैली में कांग्रेस के 16 विधायक उपस्थित थे।

हजारों की संख्या में आए ट्रैक्टर की यह विशाल रैली चौबीस अवतार मंदिर से प्रारंभ होकर इंदौर रोड स्थित जगदीश पटेल वेयरहाउस पर समाप्त हुई।

पूरी रैली में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं सभी बड़े नेता ट्रैक्टर चलाकर आमसभा स्थल पर पहुंचे। वहां आए हुए ट्रैक्टरों की संख्या देखते हुए कमलनाथ काफी खुश नजर आए। उन्होंने मंच से क्षेत्रीय विधायक विशाल पटेल एवं जिला कांग्रेस कमेटी को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण विधायक विशाल पटेल ने दिया। इस कार्यक्रम में पूर्व कैबिनट मंत्री व विधायक विजयलक्ष्मी साधौ, पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक हनी बघेल, विधायक मनोज चावड़ा, विधायक मुरली मोरवाल, विधायक प्रताप ग्रेवाल, विधायक महेश परमार, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, पूर्व विधायक बालमुकुंद गौतम, पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दौलत पटेल उपस्थित थे।

कांग्रेस में गुटबाजी –

चौबीस अवतार मंदिर पर हेलीपैड बना था, जहां पर कमलनाथ के स्वागत लिए स्थानीय 15 लोगों की सूची बनी थी। इसमें इंदौर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मोतीसिंह पटेल का नाम नहीं था। जब मोतीसिंह पटेल हेलीपेड पहुंचे तो प्रशासन ने यह कहकर रोक दिया कि विधायक विशाल पटेल ने जो सूची दी है, उसमें आपका नाम नहीं है।



Related






ताज़ा खबरें