भाजपा की जन आशीर्वाद यात्राओं के जवाब में कांग्रेस निकालेगी जन आक्रोश यात्राएं


प्रदेश में सरकार के खिलाफ जा रहे सभी मुद्दों को इन यात्राओं में उठाया जाएगा, पार्टी के बड़े नेताओं को अपने-अपने इलाकों की जिम्मेदारी


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी अपना दो दशकों के अपने शासकी की उपलब्धियां गिनाने के लिए जन आर्शीवाद यात्राएं निकाल रही है तो वहीं अब कांग्रेस इस शासन के दौरान जनता की नाराजगी का प्रतिनिधित्व करने के लिए अब जन आक्रोष यात्राएं निकालने जा रही है। इसके लिए पार्टी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बुधवार रात को पीसीसी प्रमुख कमलनाथ के आवास पर पार्टी के नेताओं ने इस बारे में भी बात की। पार्टी ने इन यात्राओं में सरकार में व्याप्त जन विरोधी नीतियों, आदिवासियों-दलितों और महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों, भ्रष्टाचार, घोटालों और किसानों की परेशानियों के खिलाफ जनता के पास जाएगी।

बुधवार को कमलनाथ के आवास पर यह बैठक करीब दो घंटे तक चली। चुनाव अभियान समिति की इस बैठक में प्रभारी रणदीपसिंह सुरजेवाला के साथ दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल, अजय सिंह राहुल जैसे कई बड़े नेता मौजूद रहे।

जानकारी के मुताबिक पार्टी ने इस बैठक के दौरान प्रदेश में जन आकोश यात्राओं का कार्यक्रम तैयार किया है। प्रदेश में फिलहाल कांग्रेस पार्टी ने सात जन आक्रोश यात्राएं निकालने और कमलनाथ- दिग्विजय सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के प्रस्तावित दौरों को लेकर चर्चा हुई। यात्राएं सात संभागों में निकाली जाएंगी। यात्राओं की शुरुआत 15 सितंबर से होंगी और दो अक्टूबर को समापन किया जाएगा। इन यात्राओं में  कमलनाथ बड़ी रैली और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके लिए कर्नाटक से वाहन जिसे रथ कहा जाता है उसे लाया जाएगा। कर्नाटक से वाहन लाने का फैसला वहां के बेहद सकारात्मक परिणाम के कारण लिया गया है।

बैठक में तय किया गया कि कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, जीतू पटवारी, अजय सिंह राहुल, सुरेश पचौरी और कमलेश्वर पटेल अपने-अपने इलाकों से इन यात्राओं की शुरुआत करेंगे। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरों को लेकर भी चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि धार जिले के सरदारपुर और शहडोल के ब्यौहारी में राहुल या प्रियंका का प्रोग्राम जल्द तय हो सकता।



Related