कमलनाथ का महिदपुर दौराः कर्मचारियों-अधिकारियों से कहा, मेरी चक्की बहुत बारीक पीसती है…

DeshGaon
राजनीति Updated On :
kamalnath in Ujjain

इंदौर। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख कमलनाथ सोमवार को उज्जैन के महिदपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के एक कार्यक्रम में भाग लिया और जनसभा को संबोधित किया। यहां कमलनाथ ने कहा, ‘BJP के पास पुलिस, पैसा और प्रशासन सिर्फ 4 महीने के लिए बचा है। मध्यप्रदेश की जनता शिवराज सिंह चौहान को विदा करने के लिए तैयार है। हम भी उन्हें बड़े प्यार से विदा करेंगे।’ यहां अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कमलनाथ ने कहा कि उनकी चक्की चलती है और बहुत बारीक पीसती है।  कर्मचारी – अधिकारी का सर्टिफिकेट जनता देती है।’

उज्जैन जिले में वायरल ऑडियो के बाद शहर अध्यक्ष रवि भदौरिया को कारण बताओ नोटिस जारी होने और पदमुक्त किये जाने के अगले दिन कमलनाथ उज्जैन पहुंचे थे। इस ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर भदौरिया की आवाज है जो कह रहे हैं कि उज्जैन धार्मिक नगरी है और यहां किसी अल्पसंख्यक नेता को टिकिट नहीं मिलेगा। उनका इशारा सीधे तौर पर नूरी खान को लेकर माना जा रहा है। हालांकि इसके बाद भदौरिया ने इसे अपनी आवाज बताने से इंकार कर दिया और कहा कि यह किसी की शरारत है।

महिदपुर में इस दौरे पर कमलनाथ ने कांग्रेसी नेताओं को साफ संदेश दिया कि उन्हें टिकिट पार्टी के सर्वे के आधार पर ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि जहां भी यह हुआ है वहां कांग्रेस जीती है यही ग्वालियर में हुआ। उन्होंने कहा कि यह समझ जाएं कि कमलनाथ 2018 के मॉडल नहीं हैं, 2023 के मॉडल हैं।’

इस दौरान कमलनाथ ने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी अपनी ओर से सीधी चेतावनी दी। उन्होंने यहां कर्मचारियों-अफसरों के लिए कहा, ‘यह कान खोल कर सुन लो कि कल के बाद परसों भी आ रहा है। कर्मचारी बड़ा हो या छोटा, पुलिसवालों से कहता हूं कि अपनी वर्दी की इज्जत कीजिए। देखते हैं कि आप की भर्ती कितने दिन चलती है।

कमलनाथ ने यहां महाकाल लोक में हुए भ्रष्टाचार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आपके जिले में इतना बड़ा घोटाला हुआ और उज्जैन का नाम पूरे देश में खराब हुआ, उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म की राजनीति करती है और उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का माध्यम बना लिया है। कमलनाथ ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश का हर वर्ग परेशान है- युवा, किसान, व्यापारी। भ्रष्टाचार ऊपर से चलता है, तो नीचे तक पहुंचता है। सबसे भ्रष्ट यही जिला है। नाथ ने सरकार पर भ्रष्टाचार के सुबूत मिटाने के आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि  सतपुड़ा बिल्डिंग में आग लग गई या लगाई गई। फाइलों को जलाने के लिए आग लगाई गई है। महाकाल निर्माण के लिए कर्ज लिया, क्योंकि पैसा इसी से बनाना था। तीन लाख करोड़ इन्होंने कर्ज लिया। इसका ब्याज पटाने के लिए और कर्ज लेना पड़ेगा। सिंहस्थ भूमि का आवंटन कर दिया।

 



Related