आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर लोकायुक्त का छापा, मिली 30 लाख की संपत्ति

Manish Kumar
चम्बल Updated On :

श्योपुर। आय से अधिक संपत्ति मामले की शिकायत मिलने के बाद ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को सुबह 5 बजे श्योपुर निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईवा चौहान के घर छापामार कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में लोकायुक्त टीम को आरोपी महिला कार्यकर्ता के पास आय से 30 लाख रुपए ज्यादा की संपत्ति मिली। आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चौहान के खिलाफ लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्वालियर लोकायुक्त टीम के सब इंस्पेक्टर कविंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, उन्हें शिकायत मिली थी कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ईवा चौहान द्वारा गड़बड़ी करके आय से ज्यादा संपत्ति जमा की गई है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने अपने स्तर पर जांच-पड़ताल की और शिकायत सही पाई गई। इसके बाद ही उन्होंने गुरुवार की शाम जिला न्यायालय से आरोपी महिला कार्यकर्ता के घर की तलाशी के लिए अनुमति लेकर शुक्रवार को सुबह छापामार कार्रवाई करके उनकी घर की तलाशी ली।

जांच में आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को अब तक विभाग से वेतन के रूप में 12 लाख 700 रुपए मिले हैं जबकि, उसके पास संपत्ति 43 लाख 700 रुपए की मिली है जो आय से कई गुना अधिक है। इसे लेकर लोकायुक्त टीम ने आरोपी महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चौहान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 ( संशोधित अधिनियम 2018) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



Related