नाबालिग से रेप का आरोपी चित्रकूट में बाबा बनकर बांच रहा था लोगों का भविष्य


नाबालिग किशोरी से रेप का आरोपी 55 वर्षीय सुंदर बेन चित्रकूट के एक आश्रम में ढोंगी बाबा बनकर छिपा हुआ था और तिलक व साफा पहन कर लोगों को उनका भविष्य भी बताने लगा था।


DeshGaon
जबलपुर Updated On :
rape-accused

जबलपुर। 15 साल की किशोरी से रेप का आरोपी 55 वर्षीय सुंदर बेन निवासी रामपुर क्षेत्र, गोरखपुर चित्रकूट के एक आश्रम में ढोंगी बाबा बनकर छिपा हुआ था।

रेप के मामले में केस दर्ज होने के बाद से फरार सुंदर बेन चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के तट पर रह रहे त्यागी बाबा के आश्रम पहुंचा। यहां उसने खुद का नाम अनूप पटेल बताते हुए अनाथ बताया।

उसने त्यागी बाबा को बताया कि संसार से मन ऊब चुका है और वह उनके आश्रम में शांति की तलाश में आया है। उस पर तरस खाकर त्यागी बाबा ने उसे आश्रम में रहने की अनुमति दे दी।

तब से ही आरोपी सुंदर बेन ने दाढ़ी व बाल बढ़ाने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, वह तिलक व साफा पहन कर लोगों को उनका भविष्य भी बताने लगा था।

गोरखपुर पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। चित्रकूट से सुंदर बेन उर्फ अनूप पटेल मोबाइल पर घरवालों से संपर्क में था। इसी से पुलिस को लोकेशन पता चली।

थाने के शेष नारायण दुबे की अगुवाई में एक टीम चित्रकूट पहुंची और त्यागी बाबा के आश्रम में ही रात काटी। सुंदर बेन नाम से उसके बारे में पता करने पर कोई भी जानकारी उनके हाथ नहीं लगी। दाढ़ी व बाल बढ़ा लेने के कारण पुलिस भी आरोपी को नहीं पहचान पाई।

pretended-baba
आरोपी की यही फोटो लेकर खोजने पहुंची थी पुलिस टीम।

पुलिस टीम ने त्यागी बाबा को आरोपी की फोटो दिखाई, तो पता चला कि ये तो अनूप पटेल के नाम से आश्रम में ही रह रहे शख्स की फोटो है।

पहचान होने के बाद पुलिस ढोंगी बाबा बने सुंदर बेन के पास पहुंची और उसे उसकी फोटो दिखाई, तो वह समझ गया। पुलिसवालों के कुछ समझने से पहले ही सुंदर बेन ने दौड़ लगा दी।

हालांकि, उसकी ये कोशिश नाकाम रही और आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया। एक बाबा को गिरफ्तार करता देख आसपास के अन्य संन्यासी उसके पक्ष में खड़े हो गए, लेकिन जब पुलिस ने उसकी असलियत बताई तो उसे बुरा-भला कहते हुए सभी पीछे हो गए।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सुंदर बेन जबलपुर में राकेश अग्रवाल के पेट्रोल पंप पर चौकीदारी का काम करता था। अक्टूबर में उसने उसके घर टीवी देखने आई पड़ोस में रहने वाली नाबालिग किशोरी के साथ रेप किया और फिर धमकी देकर चुप करा दिया।

किशोरी के शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उसे डरा-धमका कर उसके साथ पांच बार दुष्कर्म किया। बाद में किशोरी ने हिम्मत कर इस दरिंदे की करतूत घरवालों को बताई।

आक्रोशित परिजन उसके घर पहुंचे, तो वह किशोरी पर ही मनगढंत आरोप लगाने लगा। किशोरी को लेकर उसके परिजन थाने पहुंचे, तो आरोपी सुंदर बेन फरार हो गया। दो नवंबर को पुलिस ने मामले में रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत उसके खिलाफ केस दर्ज किया था।



Related






ताज़ा खबरें