इंदौर में अब सोमवार तक नहीं बल्कि शुक्रवार तक होगा लॉकडाउन, आधिकारिक घोषणा बाकी


पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे ने यह प्रस्ताव दिया था, जो सीएम शिवराज को भी जचा। यही प्रस्ताव कलेक्टर मनीष सिंह की ओर से भी आया।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :

इंदौर।  जिले में अब लॉकडाउन सोमवार सुबह छह बजे खत्म नहीं होगा। यह लॉकडाउन अब शुक्रवार तक बढ़ाया जा सकता है। मुमकिन है कि अब लॉक डाउन अब  अगले सोमवार 19 अप्रैल को सुबह 6 बजे तक बढ़ाया जाए।

ख़बरों की मानें तो इस बारे में इंदौर की क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी ने निर्णय लेकर जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दे दी है और मुख्यमंत्री भी इसके लिए लगभग तैयार बताए जाते हैं।

इस लॉकडाउन के दौरान हर दिन सुबह तीन घंटे के लिए छूट दी जाएगी। इससे पहले इंदौर जिला क्राइसिस मैनजमेंट कमेटी ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को इस बात का सुझाव दिया, जिसके बाद उन्होंने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने के लिए अनुमति दे दी है। क्राइसिस मैनजमेंट कमेटी की बैठक रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई।

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने भी लॉकडाउन पर कहा कि जिले में लॉकडाउन को बढ़ाया जाएगा। सीएम शिवराज व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इंदौर में लॉकडाउन लगाने की सहमति दी गई है।

वहीं कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों ने इस बात की पुष्टि की है। हालांकि लॉकडाउन के स्वरूप कैसा और कितने दिन का होगा। इस पर आपदा प्रबंधन समूह द्वारा निर्णय लिया जाएगा। माना जा रहा है कि रविवार के बाद शुक्रवार तक लॉकडाउन बढ़ाए जा सकते हैं।

बताया जाता है कि पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे ने यह प्रस्ताव दिया था, जो सीएम शिवराज को भी जंचा। यही प्रस्ताव कलेक्टर मनीष सिंह की ओर से भी आया। नई दुनिया की खबर के अनुसार इस बैठक में सांसद शंकर लालवानी, मंत्री तुलसी सिलावट, उषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, आकाश विजयवर्गीय भी शामिल हुए। हालांकि इसको लेकर आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

इस बीच शहर में लॉकडाउन लागू है लेकिन शहरी इलाकों से जुड़े हुए गांवों में आवाजाही जारी है जो शहरी कुछ हद तक भीड़ का कारण बन रही है। ऐसे बहुत से इलाकों में बड़े स्टोर भी हैं जहां लोग खरीदी के लिए पहुंच रहे हैं।

इसे रोकने में फिलहाल प्रशासन भी कामयाब नहीं है क्योंकि कलेक्टर के आदेश के मुताबिक लॉकडाउन केवल शहरी इलाकों में लागू होगा।

बता दें कि इंदौर में 60 घंटे का लॉकडाउन शुरू होने के बाद बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, यहां चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किये गए मेडिकल बुलेटिन ने सबको फिर से हैरान कर दिया है।

इंदौर में शुक्रवार को 912 नए कोरोना संक्रमित सामने आये है। वहीं दूसरी ओर आधिकारिक आंकड़े के मुताबिक 5 लोगो के कोरोना से जान गंवाने के चलते मौत का आंकड़ा 994 तक जा पहुंचा है।



Related